भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 297 रन बनाए। इसी के साथ टीम इंडिया पुरुषों के टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 200 या इससे ज्यादा रन बनाने वाली टीम बन गई। भारतीय टीम ने ऐसा 37 बार किया है। इसके बाद समरसेट का नंबर आता है। उसने 36 बार ऐसा किया है। वहीं, टीम इंडिया ने इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय में अब तक छह बार 200 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बार 200+ का स्कोर छूने के मामले में टीम इंडिया संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गई। भारत ने साल 2023 में सात बार और जापान ने 2024 में सात बार यह आंकड़ा छुआ है। वहीं, इंग्लैंड ने 2022, दक्षिण अफ्रीका ने 2022 और भारत ने इस साल छह-छह बार 200+ का आंकड़ा छुआ है।
इस मैच में कुल मिलाकर 70 बाउंड्रीज (छक्के+चौके) लगीं। भारत ने 47, जबकि बांग्लादेश की ओर से 23 बाउंड्रीज लगीं। यह पुरुषों के टी20 क्रिकेट मैच में बाउंड्रीज का तीसरा सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। इस मामले में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच 2023 में सेंचुरियन में खेला गया टी20 शीर्ष पर है। इस मैच में 81 बाउंड्रीज लगी थीं। वहीं, बुल्गारिया और सर्बिया के बीच 2022 में खेले गए टी20 में 71 बाउंड्रीज लगी थीं। भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबले में कुल 461 रन बने। भारत के 297 रन के जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 164 रन ही बना सकी। यह भारत में किसी टी20 अंतरराष्ट्रीय में कुल रनों का दूसरा सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। इससे पहले 2019 में अफगानिस्तान और आयरलैंड के खिलाफ देहरादून में खेले गए मुकाबले में 472 रन बने थे।