सनराइजर्स हैदराबाद बनाम रॉयस चैलेंजर्स बैंगलोर
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल 2022 में हैदराबाद के खिलाफ मैच में विराट कोहली के शून्य पर आउट होने के बाद टीम के कोच संजय बांगर ने उनका बचाव किया है। अपने करियर के सबसे खराब दौर से गुजर रहे विराट इस सीजन कोई मैच जिताऊ पारी नहीं खेल पाए हैं। उनको अपना आखिरी शतक लगाए 100 से ज्यादा पारियां हो चुकी हैं। हैदराबाद के खिलाफ मैच में भी कोहली अपना खाता खोले बिना आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद सोशल मीडिया पर जमकर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है। आलोचक कोहली की खराब फॉर्म पर उन्हें निशाना बना रहे हैं और टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम से बाहर करने की बातें भी कह रहे हैं।
इस बीच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कोच संजय बांगर ने उनका बचाव किया है। बांगर के अनुसार विराट बड़ी पारी खेलने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं और जमकर तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब थोड़ी किस्मत की जरूरत है।
विराट अपनी तरफ से हर संभव कोशिश कर रहे
संजय बांगर ने कहा है कि विराट कोहली अपनी तरफ से हर संभव कोशिश कर रहे हैं और अब उन्हें थोड़ी किस्मत की जरूरत है। उनका मानना है कि विराट जल्द ही इस लंबे खराब दौर से बाहर आएंगे और कई मैच जिताऊ पारियां खेलेंगे।
उन्होंने कहा "विराट एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने लगातार रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए रन बनाए हैं। खिलाड़ी इस तरह के मुश्किल समय से गुजरते हैं। उन्होंने इस सीजन की शानदार शुरुआत की थी। पुणे में उन्होंने मैच लगभग खत्म किया था, लेकिन इसके बाद वो रन आउट हुए और उनके बल्ले का बाहरी किनारा सीधे फील्डर के हाथ में गया। हम सब ऐसे समय ससे गुजरे हैं। उनके लिए मुश्किल समय है, लेकिन वो मजबूती के साथ वापसी करेंगे।"
विराट को लंबे ब्रेक की जरूरत नहीं
पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने कहा था कि विराट को लंबे ब्रेक की जरूरत है। इस पर संजय बांगर ने कहा कि वो अपने स्तर पर हर संभव प्रयास कर रहे हैं। वो अपनी फिटनेस और बल्लेबाजी पर ध्यान दे रहे हैं और समय-समय पर जरूरी ब्रेक भी ले रहे हैं। वो आगे भी ऐसा ही करते रहेंगे। कोहली का बचाव करते हुए संजय बांगर ने कहा "अगर आप दक्षिण अफ्रीका की सीरीज पर भी देखेंगे तो 80 रन की पारी के दौरान वो शानदार लय में दिखे थे। वो अपने ऊपर दबाव नहीं बनने दे रहे हैं। वो अभ्यास सत्र का मजा लेते हैं। उन्हें रन बनाने के लिए थोड़ी किस्मत की जरूरत है। वो पहली गेंद या दूसरी गेंद पर आउट हो रहे हैं, लेकिन जब भी वो रन बनाएंगे, तब बड़ी पारी खेलेंगे।"
इस सीजन कोई अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं विराट
आईपीएल 2022 में विराट ने 41*, 12,5,48,1,12,0,0 का स्कोर बनाया है। किसी भी फॉर्मेट में उनके बल्ले से आखिरी शतक तीन साल पहले आया था। उनकी खराब फॉर्म पर संजय बांगर का कहना है कि वो एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। इसी वजह से सभी उनके बारे में विचार रखते हैं, लेकिन वो जल्द ही फॉर्म में वापसी करेंगे और उन्हें ब्रेक लेने की जरूरत नहीं है।