प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस की टीम को अगर अपनी हार का सिलसिला तोड़ना है तो उसे रविवार को यहां लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होने वाले आईपीएल मैच में खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। मुंबई ने अब तक इस सत्र में अपने सभी सात मैच गंवाए हैं। पांच बार की चैंपियन के लिए अब तक कुछ भी अनुकूल नहीं रहा है। अब कोई चमत्कार ही उसे प्लेऑफ में पहुंचा पाएगा। मुंबई टीम की नजरें इस मैच में लखनऊ को हराकर अपना खाता खोलने पर होगी।
दूसरी तरफ लखनऊ की टीम अच्छी लय में दिख रही है। उसने सात मैचों में से चार में जीत दर्ज की है लेकिन पिछले मैच में उसे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) से 18 रन से हार का सामना करना पड़ा था। लखनऊ ने हालांकि पहले चरण के मैच में मुंबई को 18 रन से हराया था, जिससे वह बढ़े मनोबल के साथ मैदान पर उतरेगा। मुंबई इंडियंस ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन वह इकाई के रूप में प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। मुंबई किसी एक सत्र में पहले सात मैच गंवाने वाली पहली टीम है।
सलामी जोड़ी की खराब फॉर्म में मुंबई के लिए चिंता का विषय
मुंबई के लचर प्रदर्शन का एक कारण सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और इशान किशन की खराब फॉर्म है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दोनों खाता नहीं खोल पाए थे। रोहित ने टूर्नामेंट में अब तक 114 और इशान ने 191 रन बनाए हैं। तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने कुछ अच्छी पारियां खेली हैं, जबकि युवा डेवाल्ड ब्रेविस ने भी कुछ मैचों में चमक बिखेरी लेकिन उनमें धैर्य की कमी लगी। मध्यक्रम के सभी बल्लेबाजों को मिलकर अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है। ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड अभी तक केवल 96 रन बनाकर टीम की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं।
लखनऊ की टीम में निरंतरता की कमी
लखनऊ को पिछले तीन में से दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। टूर्नामेंट की शुरुआत में इस टीम ने अच्छा खेल दिखाया था। गुजरात के खिलाफ पहला मैच हारने के बाद लखनऊ ने शानदार वापसी की थी। हालांकि, इसके बाद टीम का प्रदर्शन गड़बड़ाया है। पिछले तीन में से दो मैचों में लखनऊ को हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में टीम के सभी खिलाड़ी एकजुट होकर अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। लखनऊ के लिए कप्तान राहुल ने शानदार बल्लेबाजी की है। वहीं गेंदबाजी में आवेश खान का प्रदर्शन लाजवाब रहा है।
लखनऊ की संभावित टीम
केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), मनीष पांडे, मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुड्डा, आयुष बदोनी, क्रुणाल पांड्या, जेसन होल्डर, दुष्मंथा चमीरा, आवेश खान, रवि बिश्नोई।
मुंबई की संभावित टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, कीरोन पोलार्ड, डेनियल सम्स, मुरुगन अश्विन अश्विन/ऋतिक शौकीन, राइली मेरेडिथ, जयदेव उनादकट, जसप्रीत बुमराह।