देवधर ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में बुधवार को वेस्ट जोन ने नॉर्थ जोन को पांच विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया। युवा सलामी बल्लेबाज उन्मुक्त चंद के 88 रनों और युवराज सिंह के शानदार 67 रनों की मदद से नॉर्थ जोन ने आठ विकेट पर 289 रन का लक्ष्य रखा। वेस्ट जोन ने 10 गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 293 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
वेस्ट जोन की ओर से अंबाती रायडू ने नाबाद 78, कप्तान पार्थिव पटेल ने 58, केदार जाधव ने 57 और मनप्रीत जुनेजा ने 56 रनों की पारी खेली। हालांकि लक्ष्य का पीछा करते समय नॉर्थ जोन का पहला विकेट विजय जोल (12) के रूप में गिरा। पार्थिव पटेल और जुनेजा ने दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े।
इसी बीच पार्थिव पटेल अमित मिश्रा की गेंद पर कैच आउट हो गए। फिर जुनेजा और रायडू ने टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। 56 रन पर खेल रहे जुनेजा गोनी की गेंद पर उनको ही कैच दे बैठे। उसके बाद पारी को संभालने आए यूसुफ पठान छह रन बनाकर आउट हो गए।
फिर रायडू और केदार जाधव ने पांचवें विकेट के लिए 87 रन जोड़कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। रायडू और अभिषेक नायर (नाबाद 19) ने टीम को जीत दिला दी। 78 रन की नाबाद पारी खेलने वाले रायुडू को ‘मैन आफ द मैच’ दिया गया।