भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के दाएं घुटने की सफल सर्जरी हो गई है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर कर इसकी जानकारी दी। जडेजा ने एशिया कप में पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ मैच खेलने के बाद बाहर हुए थे। उन्होंने दोनों मैचों में टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। जडेजा ने सर्जरी के बाद कहा है कि वह जल्दी वापसी के लिए कोशिश करेंगे।
जडेजा ने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, ''सर्जरी सफल रही। समर्थन और भागीदारी के लिए धन्यवाद देने के लिए बहुत से लोग हैं- बीसीसीआई, मेरे साथी, सहयोगी स्टाफ, फिजियो, डॉक्टर और प्रशंसक। मैं जल्द ही अपना रिहैब शुरू करूंगा और जल्द से जल्द क्रिकेट में वापसी करने की कोशिश करूंगा। आपकी शुभकामनाओं के लिए आप सभी का धन्यवाद।''
जडेजा की जगह चुने गए थे अक्षर
जडेजा की जगह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अक्षर पटेल को टीम में शामिल किया था। उनकी जगह टीम में शामिल किए गए अक्षर पटेल पहले ही रिजर्व खिलाड़ी के रूप में टीम के साथ थे। भारतीय टीम पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग को हराने के बाद एशिया कप के सुपर-4 में पहुंच चुकी है। सुपर-4 में उसे पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। अब फाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका और अफगानिस्तान को हराना होगा।
शानदार लय में थे जडेजा
एशिया कप में रवींद्र जडेजा शानदार लय में थे। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ दो ओवर में 11 रन दिए थे और बल्ले के साथ 29 गेंद में 35 रन की अहम पारी खेली थी। उन्होंने हार्दिक पांड्या के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर भारतीय टीम को मुश्किल से निकाला था और जीत की दहलीज पर ले गए थे। इस मैच में उन्होंने एक अहम कैच भी पकड़ा था। वहीं, दूसरे मैच में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ जडेजा ने चार ओवर में सिर्फ 15 रन दिए थे और एक विकेट लिया था। इसके अलावा उन्होंने एक शानदार रन आउट भी किया था।
एशिया कप के लिए भारत की टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल , रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, आवेश खान।