आईसीसी की ताजा टेस्ट बोलर रैंकिंग में भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन एक स्थान के नुकसान से तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। बात अगर टेस्ट के नंबर एक गेंदबाज की करें तो भारत के रविंद्र जडेजा अभी भी पहले पायदान पर बरकरार हैं।
ताजा रैंकिंग श्रीलंका और जिम्बावे के बीच खेले गए इकलौते टेस्ट के बाद जारी की गई है। इस मैच में 11 विकेट लेकर श्रीलंका के रंगना हेराथ ने अश्विन को हटाकर दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है। 39 वर्षीय हेराथ के शानदार प्रदर्शन ने टीम की जीत में भी अहम भूमिका निभाई।
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड इस सूची में चौथे तो जेम्स एंडरसन ने एक स्थान की छलांग लगाकर पांचवां स्थान हासिल किया है।
वहीं टेस्ट में बल्लेबाजों की रैंकिंग की अगर बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ पहले नंबर पर हैं। तो वहीं साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला 6 स्थान की बढ़त के बाद टॉप 10 में शामिल हो गए हैं। टॉप 5 बल्लेबाजों में भारत के दो खिलाड़ी शामिल हैं। जिनमें चौथे स्थान पर भारत के चेतेश्वर पुजारा और टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली 5वें स्थान पर काबिज हैं।