भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और उनके पिता के बीच संबंध ठीक नहीं है। इस बात की जानकारी उनके पिता अनिरुद्ध जडेजा ने दी है। सोशल मीडिया पर पिछले कुछ समय से क्रिकेटर के पिता का एक कथित बयान चर्चा में है जिसमें उन्होंने अपने बेटे और बहू रिबावा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस पर चेन्नई सुपरकिंग्स के ऑलराउंडर ने भी पिता के बयान पर प्रतिक्रिया दी है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गुरुवार को 15 साल पूरे करने वाले जडेजा ने उनके पिता के कथित बयान पर चुप्पी तोड़ते हुए सफाई दी है। उन्होंने पिता के बयान पर पलटवार करते हुए उन्हें बेतुका बताया है। जडेजा के पिता ने अपने बेटे और बहू व बीजेपी विधायक रीबावा के संबंध में बात करते हुए कहा कि दोनों के साथ उनका रिश्ता ठीक नहीं है। वह पिछले पांच सालों से अकेले ही रहते हैं।
भारतीय ऑलराउंडर ने दी सफाई
इसके जवाब में जडेजा ने सफाई देते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने पिता के बयान को बेबुनियाद करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, ''मेरे पिता ने इंटरव्यू में जो भी बातें कही है, वह बेतुकी है। उन बातों का कोई अर्थ नहीं है। मैं इन सभी बातों से अस्वीकार करता हूं। उन्होंने जो भी कहा वह एकतरफा बातें है। उन्होंने अपनी बातें, तो रख दी, लेकिन दूसरे पक्ष का कुछ भी सामने नहीं रखा है। यह तमाम बातें बेबुनियाद है। मेरे पिता ने मेरी गॉडमदर की छवि को खराब करने की कोशिश की है। मैं इसकी निंदा करता हूं। मेरे पास भी कहने के लिए काफी कुछ हैं, लेकिन मैं इन बातों का सार्वजनिक नहीं करना चाहता हूं।''
तीसरे टेस्ट में खिलाड़ी की वापसी संभव
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट में जडेजा टीम का हिस्सा नहीं बन सके थे। चोट की वजह से उन्हें विशाखापत्तनम में खेले गए मैच में आराम दिया गया था। जडेजा ने पहले मैच में कुल पांच विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा पहली पारी में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने शानदार 87 रनों की पारी खेली थी। वहीं, दूसरी पारी में वह छह रन बनाकर नाबाद रहे थे। हालांकि, भारत इस मुकाबले को 28 रन से हार गया था। इस सीरीज के बाकी बचे मुकाबलों के लिए बीसीसीआई जल्द ही टीम इंडिया का एलान कर सकती है जिसमें रवींद्र जडेजा वापसी कर सकते हैं।