रोहित और जडेजा के बीच 61 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान रोहित ने अपना शतक भी पूरा किया। नई गेंद आने के बाद पैट कमिंस ने उन्हें 120 रन के स्कोर पर बोल्ड किया। इसके बाद आए श्रीकर भरत भी आठ रन बनाकर मर्फी के पांचवें शिकार बने। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत की पारी दूसरे दिन ही खत्म हो जाएगी, लेकिन जडेजा और अक्षर ने ऐसा नहीं होने दिया। इन दोनों ने अब तक 81 रन की साझेदारी की है। जडेजा 66 और अक्षर 52 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों मैच के तीसरे दिन भारत की बढ़त को 200 रन के पार ले जाने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा दोनों की कोशिश शतकीय पारी खेलने की होगी।
पांच विकेट लेने के बाद रवींद्र जडेजा
- फोटो : सोशल मीडिया
दूसरे सत्र में जडेजा ने मार्नस लाबुशेन को 49 रन के स्कोर पर आउट कर 82 रन की साझेदारी तोड़ी फिर मैट रेनशॉ को अगली ही गेंद में आउट कर दिया। कुछ समय बाद स्टीव स्मिथ भी 37 रन बनाकर जडेजा के शिकार बन गए। 109 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम बैकफुट पर आ गई। हालांकि, पीटर हैंड्सकॉम्ब और एलेक्स कैरी ने 53 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को मैच में वापस लाने की कोशिश की, लेकिन अश्विन ने कैरी को अपने टेस्ट करियर का 450वां शिकार बनाया। इसके बाद उन्होंने पैट कमिंस को खाता भी नहीं खोलने दिया। चायकाल से पहले जडेजा ने टॉड मर्फी को आउट कर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 174/8 कर दिया।
तीसरे सत्र में जडेजा ने पीटर हैंड्सकॉम्ब को 31 रन के स्कोर पर आउट किया और टेस्ट क्रिकेट में 11वीं बार पारी में पांच विकेट हासिल किए। इसके बाद अश्विन ने स्कॉट बोलैंड को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की पारी 177 रन पर खत्म कर दी। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा और लोकेश राहुल की सलामी जोड़ी ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 76 रन जोड़े। पहले दिन का खेल खत्म होने से पहले राहुल 20 रन बनाकर टॉड मर्फी की गेंद पर आउट हुए।