सिडनी थंडर के लिए पूरा टूर्नामेंट खेलेंगे अश्विन
अश्विन ने पहले आईएलटी20 लीग के लिए नीलामी में भाग लेने का फैसला किया था, लेकिन 1.2 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग ₹1 करोड़) के बेस प्राइस पर कोई खरीदार नहीं मिलने के बाद उन्होंने बीबीएल पर पूरा ध्यान केंद्रित करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि वे नीलामी से नाम वापस लेना चाहते थे, लेकिन पहले से की गई प्रतिबद्धता के कारण उन्होंने नीलामी में भाग लिया।
अश्विन ने क्रिकबज से बातचीत में कहा, 'मैं नीलामी से कुछ दिन पहले हटना चाहता था क्योंकि मैं पहले ही सिडनी थंडर से बात कर चुका था। लेकिन मैंने आईएलटी20 को वादा किया था कि मैं नीलामी में हिस्सा लूंगा, इसलिए मैंने अपना वादा निभाया। मैंने अपने बेस प्राइस को घटाने से इनकार कर दिया।' अश्विन बिग बैश लीग में खेलने वाले पहले भारतीय पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनेंगे। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और इस साल अगस्त में आईपीएल से संन्यास की घोषणा की थी। बीसीसीआई के नियमों के तहत अनुबंधित भारतीय पुरुष खिलाड़ी विदेशी टी20 लीग में नहीं खेल सकते, इसलिए केवल सेवानिवृत्त खिलाड़ी ही ऐसा कर सकते हैं।