आईपीएल 2022 में दो नई टीमें आने के बाद जब हार्दिक को गुजरात का कप्तान बनाया गया तो कई दिग्गजों ने इस फैसले पर सवाल उठाए थे। हार्दिक के पास घरेलू क्रिकेट में भी कप्तानी का अनुभव नहीं था। वो भारतीय टीम के लिए भी कभी कप्तान या उपकप्तान की भूमिका में नहीं रहे थे। मुंबई इंडियंस के लिए भी उन्होंने यह रोल नहीं निभाया था, लेकिन जब हार्दिक बतौर कप्तान मैदान पर उतरे तो उन्होंने रोहित से लेकर पंत, अय्यर और विलियम्सन जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। पांच मैच के बाद उनकी टीम अंक तालिका में टॉप पर बनी हुई है। गुजरात ने पांच में चार मैच जीते हैं और इस टीम के पास सबसे ज्यादा आठ अंक हैं।
हार्दिक की गुजरात एकमात्र टीम है, जो अब तक सिर्फ एक मैच हारी है। बाकी सभी टीमें दो या उससे ज्यादा मैच हार चुकी हैं। कप्तान के रूप में हार्दिक सुपर हिट रहे हैं। उन्होंने आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व किया है। बल्ले, गेंद और अपनी फील्डिंग के जरिए भी वो बाकी खिलाड़ियों के लिए उदाहरण बने हैं। टीम के लेग स्पिनर राशिद खान हार्दिक की कप्तानी के मुरीद हो चुके हैं। उन्होंने कहा है कि गुजरात की सफलता में सबसे ज्यादा योगदान हार्दिक पांड्या का है।