फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ranji Trophy: उत्तराखंड के गेंदबाज दीपक धपोला के सामने हिमाचल के बल्लेबाज 49 रन पर ढेर, जय शाह ने की तारीफ

Tue, 27 Dec 2022 06:21 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

हिमाचल की टीम पहली पारी में 49 रनों पर ही ढेर हो गई। उत्तराखंड के लिए दीपक धपोला ने कातिलाना गेंदबाजी की। दीपक ने 8.3 ओवर में 35 रन देकर आठ विकेट लिए। उन्होंने सुबह की नमी का फायदा उठाते हुए खतरनाक गेंदबाजी की।
विज्ञापन
दीपक धपोला - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रणजी ट्रॉफी में मंगलवार (27 दिसंबर) को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बीच एलीट ग्रुप ए का मुकाबला शुरू हुआ। मैच के पहले दिन हिमाचल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम के कप्तान ऋषि धवन का यह निर्णय गलत साबित हुआ। हिमाचल को उत्तराखंड ने 50 रन तक भी नहीं पहुंचने दिया। हिमाचल की टीम पहली पारी में 49 रनों पर ही ढेर हो गई। उत्तराखंड के लिए दीपक धपोला ने कातिलाना गेंदबाजी की।
विज्ञापन


दीपक ने 8.3 ओवर में 35 रन देकर आठ विकेट लिए। उन्होंने सुबह की नमी का फायदा उठाते हुए खतरनाक गेंदबाजी की। हिमाचल की शुरुआत ही खराब रही। पांच रन पर दो विकेट गिर गए। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए अमित कुमार और अंकित कालसी ने 17 रन की साझेदारी की। अमित के आउट होने के बाद विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। हिमाचल का कोई बल्लेबाज क्रीज पर टिक ही नहीं पाया। सिर्फ अंकित कालसी ने दहाई के अंक को छू सके। उन्होंने 42 गेंद पर 26 रन बनाए। पांच खिलाड़ी तो खाता भी नहीं खोल पाए।

दीपक ने बरपाया कहर
दीपक धपोला ने शुरुआती पांच बल्लेबाजों को आउट किया। उन्होंने राघव धवन (0), प्रशांत चोपड़ा (एक), अंकित कालसी (26), अमित कुमार (छह) और आकाश वशिष्ठ (चार) को पवेलियन भेजा। दीपक ने फिर निचले क्रम के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उन्होंने मयंक डागर (0), पंकज जयसवाल (पांच) और वैभव अरोड़ा (0) को आउट किया। अभय नेगी ने ऋषि धवन (5) और प्रवीण ठाकुर (0) को पवेलियन भेजा। 

उत्तराखंड ने ली 246 रनों की बढ़त
दिन का खेल समाप्त होने के समय हिमाचल के 49 रन के जवाब में उत्तराखंड ने छह विकेट पर 295 रन बना लिए हैं। वह पहली पारी में 246 रन से आगे है। उत्तराखंड के लिए विकेटकीपर आदित्य तारे ने नाबाद 91 रन बनाए हैं। अभय नेगी 48 रन बनाकर नाबाद हैं। जिवनजोत सिंह 45, प्रियांशु खंडूरी 36, आर्यन शर्मा 23, अखिल रावत 16, कुणाल चंडेला 14 और स्वप्निल सिंह 12 रन बनाकर आउट हुए। हिमाचल के लिए ऋषि धवन ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए हैं। वैभव अरोड़ा, पंकज जायसवाल और मयंक डागर को एक-एक सफलता मिली है।
विज्ञापन

कौन हैं दीपक धपोला
दीपक धपोला ने अपने पहले ही प्रथम श्रेणी मैच में कमाल किया था। उन्होंने बिहार के खिलाफ पहली पारी में छह और दूसरी पारी में तीन विकेट लिए। वह अब तक 14 मैचों में 61 विकेट ले चुके हैं। इनमें पांच बार पांच या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। वहीं, दो बार मैच में 10 विकेट हासिल किए हैं। दीपक भारत के दिग्गज बल्लेबाज राजकुमार शर्मा से कोचिंग लेते हैं। वह क्रिकेट एकेडमी में विराट के सामने गेंदबाजी कर चुके हैं। कोहली ने उनकी तारीफ भी की थी।



जय शाह ने किया ट्वीट
बीसीसीआई के सचिव जय शाह से दीपक धपोला को बड़ी तारीफ मिली। जय शाह ने दीपक के लिए खास ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ''रणजी ट्रॉफी ने समय-समय प्रतिभाओं को सामने लाने में मदद की है। इस बार उत्तराखंड के दीपक धपोला है। हिमाचल के खिलाफ दीपक ने 35 रन देकर आठ विकेट लिए। यह टूर्नामेंट के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शनों में से एक है। उनके आगे बहुत लंबा सफर है।''
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें