विकेटकीपर बल्लेबाज हार्दिक तामोर के 115 रन की मदद से मुंबई ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के दूसरे दिन पहली पारी में 393 रन बनाए। जवाब में उत्तर प्रदेश ने 25 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। दिन का खेल खत्म होने तक क्रीज पर माधव कौशिक (11) और करन शर्मा (10) मौजूद हैं। समर्थ बिना खाता खोले और प्रियम पांच रन बनाकर आउट हो गए।
पहला दिन मुंबई के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के नाम रहा जिन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में दूसरा शतक जमाया। हरफनमौला शम्स मुलानी ने 50 रन बनाए। यूपी के स्पिनर सौरभ कुमार (3/107) और करन शर्मा (4/46) ने कुल सात विकेट चटकाए। मुंबई ने आखिरी चार विकेट 47 रन पर गंवा दिए। शम्स और हार्दिक के बीच छठे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी हुई।
रणजी के दूसरे सेमीफाइनल के दूसरे दिन मनोज तिवारी (84*) और शाहबाज अहमद (72*) के अर्धशतक की बदौलत बंगाल ने पहली पारी में मध्य प्रदेश के खिलाफ 5 विकेट पर 197 रन बना लिए हैं। एक समय 54 रन पर पांच विकेट खोकर संघर्ष कर रही बंगाल की पारी को दोनों ने संभाला और छठे विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी की।
बंगाल की टीम अभी मध्य प्रदेश की पहली पारी से 144 रन पीछे है। मध्य प्रदेश के गेंदबाज कार्तिकेय और पुनीत ने 2-2 विकेट चटकाए। इससे पहले मध्य प्रदेश की पहली पारी 341 रन पर समाप्त हो गई थी। बंगाल की ओर से गेंदबाज मुकेश ने चार विकेट और शाहबाज ने 3 विकेट निकाले।