फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी ट्रॉफी राउंडअप: बंगाल, मुंबई, सौराष्ट्र, कर्नाटक और विदर्भ की शानदार जीत; बारिश के कारण दो मैच ड्रॉ हुए

Thu, 29 Oct 2026 06:24 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • रणजी ट्रॉफी में बंगाल ने केरल को 287 रन से, मुंबई ने हरियाणा को 10 विकेट से, सौराष्ट्र ने असम को पारी और 12 रन से, कर्नाटक ने त्रिपुरा को पारी और 116 रन से तथा विदर्भ ने गोवा को पारी और 27 रन से हराया।
  • प्रदीप्त प्रमाणिक ने 10 विकेट और तनुष कोटियन ने आठ विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। बारिश के कारण दिल्ली-झारखंड और ओडिशा-सर्विसेज के मुकाबले ड्रॉ रहे।
विज्ञापन
क्रिकेट (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Adobestock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में गुरुवार को खेले गए मुकाबलों में बंगाल, मुंबई, सौराष्ट्र, कर्नाटक और विदर्भ ने शानदार जीत दर्ज की। बंगाल ने केरल को 287 रन से हराया, जबकि मुंबई ने हरियाणा को 10 विकेट से शिकस्त दी। सौराष्ट्र और कर्नाटक ने पारी के अंतर से जीत हासिल की, वहीं विदर्भ ने गोवा को पारी और 27 रन से मात देकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। दूसरी ओर, चक्रवात अर्नब के कारण हुई बारिश से दिल्ली-झारखंड और ओडिशा-सर्विसेज के मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए।
विज्ञापन
Trending Videos

बंगाल की जीत के हीरो बने प्रदीप्त प्रमाणिक
  • बंगाल ने मंगालापुरम में खेले गए एलीट ग्रुप सी के मुकाबले में केरल को 287 रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस जीत के नायक बाएं हाथ के स्पिनर प्रदीप्त प्रमाणिक रहे, जिन्होंने पहली बार प्रथम श्रेणी क्रिकेट में एक मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होंने पहली पारी में 44 रन देकर चार विकेट और दूसरी पारी में 51 रन देकर छह विकेट लिए। इस तरह उन्होंने मैच में कुल 95 रन देकर 10 विकेट चटकाए।
  • जीत के लिए 408 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केरल की टीम चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में 38.4 ओवर में 120 रन पर सिमट गई। दिन की शुरुआत में केरल का स्कोर चार विकेट पर 53 रन था। प्रमाणिक ने कप्तान विष्णु विनोद (19) और सलमान निजार (1) को आउट कर बंगाल की स्थिति मजबूत कर दी। इसके बाद अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आदित्य सरवटे और वैशाख चंद्रन को पवेलियन भेजकर केरल का स्कोर आठ विकेट पर 70 रन कर दिया।
  • मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 26 और एमडी निधीश ने 33 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन शाहबाज अहमद ने दोनों को आउट कर केरल की पारी समेट दी। शमी ने मैच में कुल पांच विकेट लिए।
  • शाहबाज को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पहली पारी में 121 रन बनाने के अलावा दो विकेट लिए थे। दूसरी पारी में भी उन्होंने 20 रन बनाने के साथ दो विकेट हासिल किए। बंगाल ने पहली पारी में 350 और दूसरी पारी में 198 रन बनाए थे, जबकि केरल की पहली पारी 141 रन पर समाप्त हुई थी। इस जीत से बंगाल ने ग्रुप सी में 18 अंक के साथ शीर्ष स्थान मजबूत किया।

मुंबई ने हरियाणा को 10 विकेट से हराया
  • एलीट ग्रुप डी में मुंबई ने तनुष कोटियन की शानदार गेंदबाजी की बदौलत हरियाणा को 10 विकेट से हराकर लगातार तीसरी बोनस अंक वाली जीत दर्ज की। कोटियन ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 81 रन देकर आठ विकेट हासिल किए।
  • पहली पारी में 430 रन बनाने वाली मुंबई ने हरियाणा को पहली पारी में 270 रन पर आउट कर दिया था। इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए हरियाणा की टीम दूसरी पारी में 256 रन पर सिमट गई। आठवें विकेट के लिए समंत जाखड़ (40) और अनुज थरकल (नाबाद 40) ने 81 रन जोड़कर मुंबई के गेंदबाजों को काफी देर तक परेशान किया। हालांकि, कोटियन ने जाखड़ को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
  • मुंबई को जीत के लिए 97 रन का लक्ष्य मिला, जिसे सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी और दिव्यांश सक्सेना ने बिना विकेट गंवाए 10.4 ओवर में हासिल कर लिया। रघुवंशी ने 39 गेंदों पर नाबाद 67 रन बनाए, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे। सक्सेना 25 गेंदों पर 30 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई ने इस जीत से सात अंक हासिल किए।

सौराष्ट्र ने असम को पारी से हराया
  • एलीट ग्रुप बी में सौराष्ट्र ने पार्थ की घातक गेंदबाजी के दम पर असम को पारी और 12 रन से हराकर इस सीजन की पहली जीत दर्ज की। पार्थ ने दूसरी पारी में 17 रन देकर आठ विकेट चटकाए। उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने असम की टीम 94 रन पर ढेर हो गई।
  • पहली पारी में असम ने 281 रन बनाए थे, जिसके जवाब में सौराष्ट्र ने 387 रन बनाकर 106 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में असम के बल्लेबाज टिक नहीं सके। पार्थ ने तीसरे दिन ही छह विकेट सात रन पर लेकर असम की कमर तोड़ दी थी। अंतिम दिन सिबसांकर रॉय भी अपने पिछले दिन के 32 रन के स्कोर में इजाफा नहीं कर सके। सौराष्ट्र ने बोनस अंक सहित सात अंक हासिल किए और ग्रुप बी की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया।
  • इसी ग्रुप में कर्नाटक ने त्रिपुरा को पारी और 116 रन से हराकर सात अंक हासिल किए। कर्नाटक ने नौ विकेट पर 490 रन बनाकर पहली पारी घोषित की थी। इसके जवाब में त्रिपुरा की पहली पारी 194 रन पर सिमट गई। फॉलोऑन खेलते हुए त्रिपुरा दूसरी पारी में 180 रन ही बना सकी। कर्नाटक की ओर से श्रेयस गोपाल ने 36 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि मानवंत कुमार और विजयकुमार वैशाक ने दो-दो विकेट हासिल किए। त्रिपुरा की ओर से श्रीदम पॉल ने 50 रन बनाए।
  • हैदराबाद और पंजाब के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। पंजाब ने पहली पारी में 51 रन की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। पंजाब ने पहली पारी में 431 रन बनाए थे, जबकि हैदराबाद की टीम 380 रन पर आउट हुई। पंजाब ने दूसरी पारी छह विकेट पर 240 रन बनाकर घोषित कर दी।

विदर्भ ने गोवा को पारी और 27 रन से हराया
ग्रुप ए में विदर्भ ने गोवा को पारी और 27 रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ विदर्भ ने 18 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा। बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे ने दूसरी पारी में 38 रन देकर चार विकेट लिए। पहली पारी में गोवा की टीम 220 रन पर आउट हुई थी। इसके जवाब में विदर्भ ने ध्रुव शौरी के 168 रन, अक्षय वाडकर के 63 और दानिश मालेवार के 56 रन की मदद से आठ विकेट पर 442 रन बनाकर पारी घोषित की। विदर्भ को पहली पारी में 222 रन की बढ़त मिली। फॉलोऑन खेलते हुए गोवा की टीम दूसरी पारी में 195 रन पर सिमट गई। मनथन खुटकर ने 70 और शिवेंद्र भुजबल ने 45 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन हर्ष दुबे की गेंदबाजी के सामने टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
विज्ञापन

बारिश के कारण दिल्ली-झारखंड और ओडिशा-सर्विसेज मैच ड्रॉ
  • चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हुई बारिश के कारण दिल्ली और झारखंड के बीच रांची में खेला गया मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। लगातार दूसरे दिन बारिश के कारण खेल नहीं हो सका। दिल्ली के कप्तान आयुष बडोनी ने 228 गेंदों पर नाबाद 210 रन बनाए। उनकी पारी में 19 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। दिल्ली ने पहली पारी पांच विकेट पर 515 रन बनाकर घोषित की थी।
  • बडोनी ने पिछले मुकाबले में भी दोहरा शतक लगाया था। इस मैच में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। झारखंड ने पहली पारी में चार विकेट पर 131 रन बनाए थे। पहली पारी में बढ़त के आधार पर दिल्ली को तीन अंक मिले, जबकि झारखंड को एक अंक से संतोष करना पड़ा।
  • भुवनेश्वर में ओडिशा और सर्विसेज के बीच मुकाबला भी बारिश की भेंट चढ़ गया। चौथे और अंतिम दिन खेल नहीं होने के कारण दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। ओडिशा की पहली पारी 194 रन पर सिमटी थी। सर्विसेज की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर पुलकित नारंग ने 47 रन देकर छह विकेट लिए। जवाब में सर्विसेज ने पहली पारी में बिना विकेट खोए 40 रन बनाए थे, लेकिन खराब मौसम के कारण इसके बाद खेल आगे नहीं बढ़ सका।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें