लंबे संघर्ष के बाद सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर फॉर्म में लौट आए हैं लेकिन वीरेंद्र सहवाग का बल्ला अभी भी शांत है।
कप्तान गौतम गंभीर ने फार्म में जबरदस्त वापसी करते हुए 153 रन की बेहतरीन पारी खेलकर रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘ए’ मैच में हरियाणा के खिलाफ दिल्ली को तीसरे दिन ही जीत के करीब ला दिया।
गंभीर ने 215 गेंदों में 25 चौकों की मदद से 153 रन की शानदार पारी खेली और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने 12 हजार रन भी पूरे किए। लेकिन ओपन वीरेंद्र सहवाग फिर फ्लॉप रहे और सिर्फ छह रन ही बना सके।
दिल्ली ने दूसरी पारी पांच विकेट पर 312 रन बनाकर घोषित कर हरियाणा के सामने जीत के लिए 376 रन का लक्ष्य रखा। दिल्ली ने पहली पारी में 201 रन बनाए थे जबकि हरियाणा की टीम 138 रन पर ढेर हो गई थी।
वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए हरियाणा ने अपने पांच विकेट सिर्फ 63 रन पर खो दिए। अपना पहला मैच खेल रहे दिल्ली के लेफ्ट आर्म स्पिनर वरूण सूद ने तीन विकेट चटकाए।
पंजाब ने कसा गुजरात पर शिकंजा
पंजाब ने ग्रुप ‘ए’ मैच में गुजरात के ऊपर शिकंजा कस लिया है। मैच के तीसरे दिन पंजाब ने दूसरी पारी में 309 रन बनाकर गुजरात को जीत के लिए 355 रन का लक्ष्य दिया।
मोहाली में खेले जा रहे मैच में गुजरात ने दिन का खेल खत्म होने तक 33 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। पंजाब ने पहली पारी में 172 जबकि गुजरात ने 127 रन बनाए थे।
रोमांच हुई आंध्र और जेएंडके की जंग
अनंतापुर में रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘सी’ मुकाबले में जम्मू एडं कश्मीर और आंध्र के बीच मैच रोमांचक दौर में पहुंच गया है। मैच के तीसरे दिन सिर्फ 142 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुअ आंध्रने 79 रन पर आठ विकेट गंवा दिए।
आंध्र को अब जीत के लिए 63 रन की दरकार है। इससे पहले जेएंडके ने पहली पारी में 225 और दूसरी पारी में 121 रन बनाए थे जबकि आंध्र ने पहली पारी में 205 रन बनाए थे।
चावला के शतक से यूपी ने बनाई बढ़त
पीयूष चावला के शानदार शतक से उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ मैच में तमिलनाडु के खिलाफ पहली पारी में 114 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली है।
मेरठ में मैच के तीसरे दिन तमिलनाडु के 297 रन के जवाब में यूपी ने सात विकेट पर 411 रन बना लिए थे। पीयूष चावला ने 236 गेंदों में 12 चौकों और तीन छक्कों के साथ 114 रन बनाए। चावला स्टंप्स तक अमित मिश्रा (30) के साथ क्रीज पर डटे हुए थे।
हालांकि एक समय यूपी ने अपने पांच विकेट सिर्फ 162 रन पर गंवा दिए थे लेकिन चावला के शतक से यूपी मजबूत स्थिति में पहुंच गई।