सौराष्ट्र और बंगाल के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी फाइनल मुकाबले के दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। सोमवार से शुरू हुए खिताबी मुकाबले में सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सौराष्ट्र ने अर्पित वसावडा (106 रन, 287 गेंदें, 11 चौके) के दम पर दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक आठ विकेट के नुकसान पर 384 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने तक चिराग जनी 13 और धर्मेंद्र सिंह जडेजा 13 रन बनाकर खेल रहे हैं।
बता दें कि जयदेव उनादकट की कप्तानी वाली सौराष्ट्र की टीम की निगाहें बंगाल के खिलाफ घरेलू मैदान पर पहली बार रणजी ट्रॉफी खिताब जीतकर इतिहास रचने पर होगी। हालांकि आत्मविश्वास से भरे बंगाल को हराना इतना आसान नहीं होगा।
सौराष्ट्र की टीम आठ सत्र में चौथे फाइनल में तो बंगाल की टीम 14वां खिताबी मुकाबला खेलेगी। उसका लक्ष्य तीस (1989-90) साल बाद एक बार फिर से चैंपियन बनने का होगा।