बंगाल शनिवार को रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में चौथे दिन मौजूदा विजेता मध्य प्रदेश के खिलाफ दूसरी पारी में 547 रन की बड़ी बढ़त बनाने में सफल रहा। उसका फाइनल में पहुंचना लगभग तय हो गया है। दूसरी ओर, कप्तान अर्पित वासवदा के शतक की बदौलत सौराष्ट्र ने कर्नाटक के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। वह फाइनल में पहुंचने के करीब है।
रविवार मैच का अंतिम अंतिम दिन है। बंगाल ने दूसरी पारी में नौ विकेट पर 279 रन बनाए हैं। अगर यह मैच ड्रॉ रहता है तो बंगाल पहली पारी में बढ़त के आधार पर भी फाइनल का टिकट कटा लेगा। बंगाल के लिए दूसरी पारी में अनुस्तूप मजमूदार ने सबसे ज्यादा 80 रन बनाए। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 219 गेंद का सामना किया और सात चौके लगाए।
मध्य प्रदेश के स्पिन गेंदबाज सारांश जैन ने टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लिए। उन्होंने 42 ओवर में 103 रन देकर छह विकेट चटकाए। उनके अलावा कुमार कार्तिकेय ने 63 रन देकर तीन विकेट लिए। बंगाल ने पहली पारी में 438 रन बनाए थे। इसके जवाब में मध्य प्रदेश 170 रन पर ढेर हो गया था।
सौराष्ट्र के लिए अर्पित ने बनाए 202 रन
सौराष्ट्र के लिए कप्तान अर्पित वासवाड़ा 406 गेंद में 202 रन की पारी खेली। उन्होंने 21 चौके व एक छक्का लगाया। उनकी पारी से सौराष्ट्र ने पहली पारी में 527 रन का बड़ा स्कोर बनाकर 107 रन की बढ़त हासिल की। कर्नाटक के लिए विद्वाथ कावेरप्पा ने 83 रन देकर पांच विकेट चटकाए। कर्नाटक ने पहली पारी में 407 रन बनाए थे। चौथे दिन का खेल खत्म होने पर कर्नाटक ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 123 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त सिर्फ तीन रन की हो पाई है। सौराष्ट्र के लिए चेतन सकारिया ने 24 रन देकर दो विकेट लिए।