फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी ट्रॉफी राउंडअप: उत्तराखंड की लगातार चौथी जीत, ऐसा रहा तीसरे दिन का हाल

Fri, 30 Nov 2018 08:59 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
Ranji Trophy
विज्ञापन

मयंक मिश्रा और एम रंगराजन के चार-चार विकेट की मदद से उत्तराखंड ने क्षितिज शर्मा (118) के शतक के बावजूद अरूणाचल प्रदेश को रणजी ट्राफी प्लेट ग्रुप के तीसरे दिन शुक्रवार को यहां पारी और 73 रन से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। अरूणाचल प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 105 रन बनाए थे जिसके जवाब में उत्तराखंड ने चार विकेट पर 470 रन बनाकर अपनी पहली पारी समाप्त घोषित की थी।

विज्ञापन


अरूणाचल प्रदेश को पारी की हार से बचने के लिए दूसरी पारी में 365 रन बनाने की जरूरत थी लेकिन उसकी टीम खेल के तीसरे दिन आज 292 रन पर आउट हो गयी। क्षितिज के अलावा समर्थ सेठ (60) और टेची दोरिया (60) ही अच्छी बल्लेबाजी कर पाये। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 83 रन जोड़े।

उत्तराखंड ने चार में से तीन मैचों में बोनस अंक हासिल किए। उसके अब चार मैचों में 27 अंक हो गये हैं। इससे उत्तराखंड ने प्लेट ग्रुप में शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अरूणाचल प्रदेश की यह तीन मैचों में दूसरी हार है और उसके तीन अंक हैं।
विज्ञापन

   
सौराष्ट्र के बड़े स्कोर के जवाब में बड़ौदा की शानदार शुरुआत

कप्तान केदार देवधर की बड़ी शतकीय पारी की मदद से बड़ौदा ने सौराष्ट्र के विशाल स्कोर के जवाब में शानदार शुरुआत करते हुए शुक्रवार को यहां एक विकेट पर 268 रन बनाकर पहली पारी में बढ़त हासिल करने की उम्मीदें बनाए रखी। देवधर 171 रन बनाकर अभी क्रीज पर डटे हुए हैं। उन्होंने अब तक 280 गेंदों का सामना करके 23 चौके और दो छक्के लगाये हैं।

देवधर ने आदित्य वाघमोडे (32) के साथ पहले विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की। वह दूसरे अविजित बल्लेबाज विष्णु सोलंकी (नाबाद 58) के साथ अब तक 158 रन जोड़ चुके हैं। सौराष्ट्र ने अपनी पहली पारी में 521 रन बनाए थे और बड़ौदा अब उससे 253 रन पीछे है।

मुंबई को पहली पारी में बढ़त

कई बार की चैम्पियन मुंबई ने शुक्रवार को यहां रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए मुकाबले के तीसरे दिन गुजरात को 281 रन पर समेटकर पहली पारी में 16 रन की बढ़त हासिल की। मुंबई की दूसरी पारी की शुरूआत अच्छी नहीं रही। उसने आदित्य तारे की 59 रन की अर्धशतकीय पारी के बावजूद स्टंप तक सात विकेट पर 156 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 172 रन की कर ली।

शिवम दुबे 39 रन और ध्रुमिल मटकर 12 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे। गुजरात ने सुबह आठ विकेट पर 232 रन से आगे खेलना शुरू किया और 281 रन पर आउट हो गयी। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव रावल 60 रन पर खेल रहे थे और शतक से महज एक रन से चूक गये।

उन्होंने अपनी 99 रन पारी के लिए 186 गेंद का सामना किया, जिसमें 14 चौके और दो छक्के जड़े थे। मुंबई के धवल कुलकर्णी और रॉयस्टन डायस ने तीन तीन विकेट जबकि शिवम दुबे ने दो विकेट प्राप्त किए।

झारखंड को पहली पारी में बढ़त

अपना 20वां जन्मदिन मना रहे युवा हरफनमौला अनुकूल रॉय की 127 रन की पारी से झारखंड ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी के मैच में शुक्रवार को तीसरे दिन गोवा के खिलाफ पहली पारी में बढ़त हासिल की। गोवा के पहली पारी में 364 रन के जवाब में झारखंड ने पहली पारी में 390 रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने तक गोवा ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 10 रन बना लिए थे।  अनुकूल ने 212 गेंद की पारी में 13 चौके और दो छक्के लगाये।

झारखंड ने दिन की शुरूआत दो विकेट पर 147 रन से शुरू की लेकिन दिन के तीसरे ही ओवर में अनुभवी सौरव तिवारी को अमोघ सुनील देसाई ने पवेलियन की राह दिखा दी। तिवारी ने 53 गेंद की पारी पांच चौके और दो छक्के की मदद से 45 रन बनाए। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए उत्कर्ष सिंह (75) के साथ 67 रन की साझेदारी की।

झारखंड ने 217 रन पर अपना छठा विकेट गवां दिया। इसके बाद अनुकूल ने विराट सिंह (41) के साथ सातवें विकेट के लिए 91 रन और आशीष कुमार (नौ) के साथ नौवें विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से उबारने के साथ बढ़त भी दिला दी। गोवा के लिए अमूल्य पानड्रेकर ने तीन और देसाई, दर्शन मिसल तथा विशंबर खालोन ने दो-दो विकेट चटकाए।

कर्नाटक की 184 रन के लक्ष्य के सामने अच्छी शुरुआत

कर्नाटक ने 184 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए महाराष्ट्र के खिलाफ रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए मैच के तीसरे दिन आज यहां बिना किसी नुकसान के 54 रन बनाकर जीत की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। महाराष्ट्र ने इससे पहले अपनी दूसरी पारी में 256 रन बनाए। उसकी तरफ से रूतुराज गायकवाड़ ने 83 और नौशाद शेख ने 73 रन बनाए। कर्नाटक की तरफ से श्रेयस गोपाल ने चार, कप्तान आर विनयकुमार ने तीन और पवन देशपांडे ने दो विकेट लिए।

महाराष्ट्र के 113 रन के जवाब में पहली पारी में 186 रन बनाने वाले कर्नाटक को देवदत्त पड्डिकल (नाबाद 33) और देगा निश्चल (नाबाद 21) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने धीमी बल्लेबाजी की लेकिन विकेट नहीं गिरने दिया। कर्नाटक अब लक्ष्य से केवल 130 रन दूर है और उसके सभी दस विकेट बचे हुए हैं।

रिद्धिमा ने पहला पेशेवर खिताब जीता

भारतीय महिला गोल्फर रिद्धिमा दिलावड़ी ने शुक्रवार को नोएडा गोल्फ कोर्स में हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर के 17वें चरण में पांच शाट की जीत से अपना पहला पेशेवर खिताब हासिल किया। जकार्ता में 2018 एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद पेशेवर बनी रिद्धिमा ने इवन पार 72 का कार्ड खेला जिससे उनका कुल स्कोर पांच ओवर 221 रहा। इससे उन्होंने गुरसिमर बदवाल पर पांच शाट से जीत हासिल की।  रिद्धिमा 15वें चरण में दूसरे स्थान पर रही थी। लेकिन इस बार उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई और उन्होंने खिताब अपने नाम किया।

राजस्थान को पहली पारी की बढ़त

राजस्थान ने शुक्रवार को यहां रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी मुकाबले के तीसरे दिन दूसरी पारी में चार विकेट पर 136 रन बनाकर उत्तर प्रदेश पर कुल 233 रन की बढ़त बना ली।  राजस्थान ने उत्तर प्रदेश को 214 रन पर समेटकर पहली पारी की बढ़त हासिल करने का गौरव भी हासिल किया जिसके लिए विकेटकीपर बल्लेबाज उपेंद्र यादव ने 67 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। पहली पारी में 311 रन बनाने वाली मेहमान टीम के लिए अनिकेत चौधरी ने 64 रन देकर पांच विकेट चटकाये जबकि तनवीर उल हक को तीन और नाथू सिंह को दो विकेट मिले।

राजस्थान की दूसरी पारी में शुरूआत अच्छी नहीं रही, जिसने दो विकेट जल्दी गंवा दिये। हालांकि उसके सलामी बल्लेबाज अमित कुमार गौतम 142 गेंद में नौ चौके से 66 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं जबकि स्टंप तक आर बिश्नोई पांच रन बनाकर दूसरे छोर पर उनका साथ निभा रहे हैं। रोबिन बिष्ट ने 32 रन का योगदान दिया। अंकित राजपूत ने दो विकेट प्राप्त किए।

केरल बनाम मध्य प्रदेश

पहली पारी की बढ़त गंवाने वाली केरल ने शुक्रवार को यहां रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच में कप्तान सचिन बेबी (143) और विष्णु विनोद (नाबाद 155) के बड़े शतकों और उनके बीच सातवें विकेट के लिए 199 रन की भागीदारी की बदौलत मध्य प्रदेश के खिलाफ तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में आठ विकेट पर 390 रन बनाकर कुल बढ़त 125 रन की कर ली।

मध्य प्रदेश ने केरल को पहली पारी में 63 रन पर समेट दिया था और पहली पारी में 328 रन बनाए थे। केरल ने सुबह चार विकेट पर 38 रन से खेलना शुरू किया। सचिन ने 20 रन के स्कोर को शतक में बदलते हुए 211 गेंद में 14 चौके और तीन छक्के से 143 रन की शानदार पारी खेली।

सचिन और विष्णु विनोद ने सातवें विकेट के लिए 199 रन की शानदार शतकीय भागीदारी कर टीम को 390 तक पहुंचाने में मदद की। स्टंप तक विष्णु 226 गेंद में 18 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 155 रन बनाकर खेल रहे हैं। बासिल थम्पी 30 रन बनाकर उनके साथ दूसरे छोर पर बने हुए हैं।

हैदराबाद को हिमाचल पर एक रन की बढ़त

सातवें नंबर के बल्लेबाज टी रवि तेजा के 75 रन की बदौलत हैदराबाद ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच में शुक्रवार को यहां एक रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। हिमाचल की पहली पारी के 351 रन के जवाब में हैदराबाद ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने से ठीक पहले अपनी पहली पारी 352 रन बनाकर समाप्त घोषित की। अब जबकि मैच ड्रा की तरफ बढ़ रहा है तब एक रन की बढ़त से हैदराबाद को तीन अंक मिलने लगभग तय हैं।

कप्तान अक्षत रेड्डी (99) केवल एक रन से शतक से चूक गये जबकि बीपी संदीप (50) ने भी अर्धशतक जमाया लेकिन वह रवि तेजा थे जिनकी शानदार पारी से हैदराबाद पहली पारी में बढ़त हासिल करने में सफल रहा। हिमाचल की तरफ से अर्पित गुलेरिया और मयंक डागर ने तीन-तीन जबकि पंकज जायसवाल ने दो विकेट लिए।

फजल और वाडकर के शतकों विदर्भ को बढ़त

कप्तान फैज फजल और अक्षय वाडकर की शतकीय पारियों की बदौलत विदर्भ ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए मैच के तीसरे दिन शुक्रवार को यहां छत्तीसगढ़ के खिलाफ पहली पारी में 100 रन की बढ़त हासिल की। दिन का खेल खत्म होते समय छत्तीसगढ़ ने 28 रन पर चार विकेट गंवा दिये थे। टीम अब भी विदर्भ से 72 रन पीछे है और पारी की हार से बचने के लिए उसे 72 रन की जरूरत है।

छत्तीसगढ़ के 232 रन के जवाब में विदर्भ ने छह विकेट पर 332 रन बनाकर पारी घोषित की। फजल ने 146 जबकि वाडकर ने नाबाद 144 रन बनाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 272 रन की साझेदारी करके टीम की बढ़त दिलाने अहम भूमिका निभाई। छत्तीसगढ़ की ओर से शुक्रवार को तीनों विकेट सुमित रुईकर ने लिए।
विज्ञापन

सेना जीत से 38 रन और जम्मू कश्मीर पांच विकेट दूर

कप्तान परवेज रसूल के आलराउंड खेल से जम्मू कश्मीर ने छोटे लक्ष्य का बचाव करने के लिए अपनी तरफ से अच्छी कोशिश करते हुए शुक्रवार को यहां सेना का शीर्ष क्रम झकझोर कर रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी मैच को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया।

सेना के सामने 105 रन का लक्ष्य था और उसने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 68 रन बना लिए थे। सेना लक्ष्य से अब 38 रन दूर है जबकि जम्मू कश्मीर को पांच विकेट की दरकार है। सेना का दारोमदार कप्तान रजत पालिवाल पर टिका है जो 16 रन बनाकर खेल रहे हैं। सलामी बल्लेबाज अंशुल गुप्ता ने 21 रन बनाए। जम्मू कश्मीर की तरफ से परवेज रसूल और मोहम्मद मुदासिर ने दो . दो विकेट लिए हैं। इससे पहले जम्मू कश्मीर ने अपनी दूसरी पारी में 261 रन बनाए जिसमें रसूल की 115 रन की पारी भी शामिल है। उन्होंने 217 गेंदों का सामना करके दस चौके और एक छक्का लगाया।

विजय चटर्जी के पांच विकेट से बंगाल ने की वापसी

ऑफ स्पिनर रितिक विजय चटर्जी के पांच विकेट से से पहली पारी में पिछड़ने वाली बंगाल की टीम ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी के मैच में तमिलनाडु के खिलाफ शानदार वापसी की। पहली पारी में 74 रन से पिछड़ने वाली बंगाल की टीम ने तमिलनाडु को दूसरी पारी में 141 रन पर आउट कर दिया जिससे उसे सत्र में पहली जीत दर्ज करने के लिए 216 रन का लक्ष्य मिला।

दिन का खेल खत्म होते समय बंगाल ने दो विकेट पर 87 रन बना लिए। टीम को जीत के लिए 129 रन चाहिए और उसके आठ विकेट शेष है। तमिलनाडु ने दिन की शुरूआत एक विकेट पर 12 रन से की। चटर्जी ने पहली पारी में शतक लगाने वाले बाबा अपराजित (21) और एन जगदीशन (38) का विकेट लिया जबकि टीम के दूसरे स्पिनर प्रदीप्त प्रमाणिक ने कप्तान बाबा इंद्रजीत (04) को आउट किया।

चटर्जी ने 48 रन देकर पांच जबकि प्रमाणिक ने 82 रन देकर तीन विकेट लिए। बंगाल ने चौथी पारी में संभल कर शुरूआत की। पहली पारी में 98 रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक रमन ने दूसरी पारी में 53 रन बनाए। उन्होंने पहले विकेट लिए कौशिक घोष (13) के साथ 45 और कप्तान मनोज तिवारी (नाबाद 13) के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की। दिन का खेल खत्म होते समय तिवारी के साथ आमिर गनी क्रीज पर मौजूद थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें