उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में 385 रन बनाने के बाद 170 रन पर सौराष्ट्र के सात विकेट झटककर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। सौराष्ट्र अब भी 215 रन से पीछे है और उसके तीन विकेट शेष हैं। स्टंप के समय प्रेरक मांकड़ 42 और धर्मेंद्र सिंह जडेजा नौ रन बनाकर क्रीज पर थे। सलामी बल्लेबाज हार्विक देसाई ने सर्वाधिक 84 रन बनाए।
मावी ने मेहमान टीम को बिखेरा
सौराष्ट्र ने 11वें ओवर में स्नेल पटेल (16) के रूप में पहला विकेट गंवाया जो अंकित राजपूत (2/58) की गेंद पर मोहम्मद सैफ को कैच देकर पवेलियन लौटे। अंकित ने अगली ही गेंद पर विश्वराज जडेजा (00) को भी आउट कर दिया।
यूपी के ऑलराउंडर शिवम मावी ने बल्लेबाजी में उपयोगी योगदान देने के बाद गेंदबाजी में भी उम्दा प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट चटकाए। शिवम को भारतीय टीम के स्टार बल्लेबा चेतेश्वर पुजारा (11) के रूप में पहला विकेट मिला। इसके अलावा उन्होंने देसाई और कलमेश मकवाना (00) को भी पवेलियन भेजा। यश दयाल ने भी दो विके लिए।
सौरभ का अर्द्धशतक
सुबह उत्तर प्रदेश ने सात विकेट पर 340 रन से आगे खेलना शुरू किया। सौरभ कुमार ने पिछले दिन के 26 रन को अर्द्धशतकीय पारी में तब्दील करते हुए 55 रन बनाए। मावी ने 42 रन का योगदान दिया। सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने पांच, जबकि जडेजा ने तीन विकेट लिए।
कर्नाटक बनाम राजस्थान
कर्नाटक की पहली पारी में बनाए गए 263 रनों के जवाब में राजस्थान ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 11 रन बनाए हैं। राजस्थान की टीम अभी भी 28 रन से पीछे है। अमित कुमार गौतम 11* और चेतन बिष्ट 0* क्रीज पर जमे हुए हैं। पहली पारी में राजस्थान ने 224 रन बनाए थे। राजस्थान की तरफ से राजेश विश्नोई ने 79 रन की शानदार पारी खेली थी।
गुजरात बनाम केरल
गुजरात के खिलाफ दूसरी पारी में केरल की टीम 171 रन बनाकर आउट हो गई। उनकी कुल बढ़त 194 रन की है। दूसरी पारी में जोसेफ ने 56 रन बनाए। इसके अलावा जलज सक्सेना ने नाबाद 44 रन बनाए। पहली पारी में केरल की टीम 185 रन बनाकर आउट हुई। जवाब में गुजरात की टीम महज 162 रन पर सिमट गई थी।