पाकिस्तान ने रविवार को आयरलैंड से पिछली हार का बदला ले लिया। मेहमानों ने पॉल स्टर्लिंग की टीम के खिलाफ 19 गेंदों के शेष रहते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में पाकिस्तान का तेज गेंदबाजी आक्रमण काफी महंगा साबित हुआ। शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद आमिर ने क्रमश: 12.25 और 11 के इकोनॉमी रेट से रन खर्च किए। इस पर अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पूर्व चेयरमैन रमीज राजा ने चर्चा की।
पूर्व चेयरमैन ने लगाई तेज गेंदबाजों को लताड़
रमीज राजा ने आगामी विश्व कप से पहले पाकिस्तानी गेंदबाजों के लचर प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, "उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 200 रन दिए और ऐसा लग रहा था जैसे हमारे गेंदबाज पीछे थे। अगर उन्होंने रिजवान और जमान का कैच पकड़ लिया होता तो पाकिस्तान के लिए लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल हो जाता। पाकिस्तान के शीर्ष गेंदबाजों ने आयरलैंड के खिलाफ इतने रन दिए तो यह भविष्य में टीम के लिए कठिन हो जाएगा, और सफलता गेंदबाजों पर निर्भर करती है, खासकर तेज गेंदबाज, वे पिछले साल भारत में विश्व कप के बाद से संघर्ष कर रहे हैं, दो गेंदें अच्छी हैं और फिर तीन गेंदें खराब हैं स्थिति कठिन है।"
मैच का हाल
पाकिस्तान ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में जबरदस्त वापसी करते हुए दूसरा मैच सात विकेट से अपने नाम किया। डबलिन में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 193 रन बनाए थे। लोर्कन टकर ने 51 रन की पारी खेली। जवाब में पाकिस्तान ने 16.5 ओवर में ही तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान बाबर आजम फेल रहे और खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, मोहम्मद रिजवान ने 46 गेंद में 75 रन की नाबाद पारी खेली। फखर जमान ने 40 गेंद में 78 रन बनाए। आजम खान ने 10 गेंद में 30 रन की नाबाद पारी खेली। सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। पहला मैच आयरलैंड ने पांच विकेट से अपने नाम किया था। अब सीरीज का निर्णायक मुकाबला 14 मई को खेला जाएगा।