राजकोट गुजरात लायंस का घरेलू मैदान है और यही वह टीम है जिसने टूर्नामेंट में अब तक के सफर में सबसे शानदार खेल दिखाया है और 6 जीत के साथ अंकतालिका में शीर्ष पर बनी हुई है।
लेकिन इस टीम को अपने अंतिम मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। जब लग रहा था कि सुरेश रैना की अगुवाई वाली गुजरात की टीम आसानी से यह मैच जीतकर प्लेऑफ में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच जाएगी, लेकिन उसे हार मिली। पहली बार लीग में शिरकत कर रही गुजरात की टीम को पहली बार लगातार 2 हार का सामना करना पड़ा है।
राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट संघ के मैदान पर आईपीएल का पांचवां मैच खेला गया लेकिन पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए यह मैदान रास नहीं आ रहा है। सौराष्ट्र के दुलारे क्रिकेटर जडेजा के 'घर' यानी इस मैदान पर खेले गए 5 मैचों में 4 हार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को मिली। दिल्ली के खिलाफ मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी की थी और उसे हार मिली। ऋषभ पंत की लाजवाब बल्लेबाजी ने गुजरात से यह मैच आसानी से छीन लिया।
गुजरात ने 9 मैचों में 5 मैच अपने घर में खेले हैं जिसमें सिर्फ 2 में ही जीत मिली, लेकिन घर से बाहर खेले चारों मैच में रैना की टीम विजयी रही है। इस लिहाज से देखा जाए तो रैना की टीम अपने घर से दूर कुछ ज्यादा ही अच्छा खेल दिखा रही है।