फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली ने रोमांचक मैच में RR को अंतिम गेंद पर हराया, जिंदा रखी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें

Thu, 03 May 2018 12:56 AM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
ट्रेंट बोल्ट - फोटो : ipl
विज्ञापन

दिल्ली डेयरडेविल्स ने बुधवार को रोमांचक मैच में राजस्थान रॉयल्स को 4 रन से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। फिरोजशाह कोटला स्टेडियम पर बारिश ने मैच में कई बार समीकरण बदला। 

विज्ञापन


टॉस के बाद बारिश के कारण प्रत्येक पारी 18-18 ओवर की निर्धारित की गई। दिल्ली डेयरडेविल्स ने पहले बल्लेबाजी की और 17.1 ओवर में 6 विकेट खोकर 196 रन बनाए। तभी बारिश हुई और मैच फिर रुक गया। जब दोबारा बारिश रुकी तो राजस्थान को 12 ओवर में 151 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। रॉयल्स की टीम 12 ओवर में 5 विकेट खोकर 146 रन बना सकी और अंतिम गेंद पर मैच हार गई। राजस्थान को जीत के लिए अंतिम ओवर में 15 रन की दरकार थी, लेकिन ट्रेंट बोल्ट ने इस लक्ष्य की सफल रक्षा की और 2012 के बाद पहली बार दिल्ली को रॉयल्स पर जीत दिलाई।

यह दिल्ली की की 9वें मैच में तीसरी जीत रही जबकि राजस्थान की आठवें मैच में पांचवीं हार। मैच में सिर्फ 29 गेंदों में 7 चौके और 5 छक्को की मदद से 69 रन बनाने वाले ऋषभ पंत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
विज्ञापन


लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की तरफ से जोस बटलर (67) की आंधी फिरोजशाह कोटला पर आई। जोस बटलर ने सिर्फ 18 गेंदों में तीन चौके और 6 छक्को की मदद से फिफ्टी पूरी की। यह आईपीएल 2018 में इंग्लिश बल्लेबाज की पहली फिफ्टी रही। बटलर ने अमित मिश्रा द्वारा किए पारी के पांचवें ओवर की पहली गेंद पर रिवर्स स्वीप शॉट खेलकर पचासा पूरा किया। 

बटलर ने सिर्फ 26 गेंदों में चार चौके और 7 छक्को की मदद से 67 रन बनाए। अमित मिश्रा ने गूगली गेंद डालकर बटलर को उलझाया और स्टंपिंग कराकर रॉयल्स को तगड़ा झटका देकर दिल्ली की वापसी कराई। ट्रेंट बोल्ट ने फिर इनफॉर्म बल्लेबाज संजू सैमसन (3) को डीप मिडविकेट पर मुनरो के हाथों कैच आउट कराकर रॉयल्स को तगड़ा झटका दिया। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर बोल्ट ने बेन स्टोक्स (1) को डीप मिडविकेट पर आवेश खान के हाथों कैच आउट कराकर रॉयल्स को बैकफुट पर धकेल दिया।

फिर मैक्सवेल द्वारा किए पारी के 10वें ओवर की पहली तीन गेंदों पर डार्सी शॉर्ट (44) ने लगातार तीन छक्के जड़कर मैच रोमांचक बनाया। हालांकि, चौथी गेंद पर वह बड़ा शॉट लगाने से चूके और मैक्सवेल को सफलता मिल गई।

यहां से राहुल त्रिपाठी और के गौतम ने तेजी से 23 रन जोड़कर मैच रोमांचक बना दिया। रॉयल्स को अंतिम ओवर में 15 रन की जरूरत थी। मगर ट्रेंट बोल्ट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए रॉयल्स के अरमानों पर पानी फेर दिया। दिल्ली की तरफ से ट्रेंट बोल्ट ने दो जबकि अमित मिश्रा और ग्लेन मैक्सवेल को एक-एक विकेट मिला।

विज्ञापन

दिल्ली की युवा ब्रिगेड ने किया चौके और छक्को का 'विस्फोट'

ऋषभ पंत - फोटो : ipl
इससे पहले ऋषभ पंत (69) और कप्तान श्रेयस अय्यर (50) की तूफानी पारियों की बदौलत दिल्ली डेयरडेविल्स ने 17.1 ओवर में 6 विकेट खोकर 196 रन बनाए। बारिश की वजह से दिल्ली की पारी समाप्त करने की घोषणा की गई और राजस्थान को 12 ओवर में 151 रन का लक्ष्य मिला।
 
बारिश के कारण मैच करीब डेढ़ घंटे देरी से शुरू हुआ। इस वजह से प्रत्येक पारी 18-18 ओवर की निर्धारित की गई। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली को धवल कुलकर्णी ने पहले ही ओवर में तगड़ा झटका दिया। ओवर की चौथी गेंद पर तेज गेंदबाज ने कॉलिन मुनरो को विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच आउट करा दिया। मुनरो खाता भी नहीं खोल सके। 

पृथ्वी शॉ (47) और कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले विकेट गिरने का दबाव अपने ऊपर नहीं आने दिया और 73 रन की साझेदारी करके रॉयल्स को बैकफुट पर धकेल दिया। शॉ ने सिर्फ 25 गेंदों में चार चौके और इतने ही छक्को की मदद से 47 रन बनाए। वह अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और श्रेयस गोपाल को उन्हीं की गेंद पर आसान कैच थमाकर डगआउट लौट गए।

शॉ के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (50) ने ऋषभ पंत के साथ चौके-छक्को की बरसात का मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए केवल 43 गेंदों में 93 रन की साझेदारी की। 

ऋषभ पंत ने बेन स्टोक्स द्वारा किए पारी के 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर एक रन लेकर फिफ्टी पूरी की। पंत ने 23 गेंदों में 7 चौके और तीन छक्को की मदद से पचासा जड़ा। कप्तान श्रेयस अय्यर ने जयदेव उनाडकट द्वारा किए पारी के 15वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर इस आईपीएल में चौथा अर्धशतक जमाया। उन्होंने 34 गेंदों में तीन चौके व इतने ही छक्को की मदद से फिफ्टी पूरी की।

हालांकि, पचासा पूरा करते ही अय्यर ने उनाडकट की गेंद पर राहुल त्रिपाठी को कैच थमा दिया और डगआउट लौटे। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर ऋषभ पंत भी डीप लांगऑन पर स्टोक्स को कैच थमाकर आउट हो गए। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 29 गेंदों में 7 चौके और पांच छक्को की मदद से 69 रन बनाए।

इसके बाद उनाडकट ने पारी के 17वें ओवर में विजय शंकर (17) को लांग ऑफ पर राहुल त्रिपाठी के हाथों कैच आउट कराकर अपना तीसरा शिकार किया। आखिरी ओवर में जोफ्रा आर्चर ने शानदार यॉर्कर डालकर ग्लेन मैक्सवेल (5) को LBW आउट किया। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से जयदेव उनाडकट ने तीन जबकि जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल और धवल कुलकर्णी को एक-एक विकेट मिला।

इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बुधवार को आईपीएल 2018 के 32वें मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। टॉस के बाद बारिश आ गई और मैच करीब डेढ़ घंटे के बाद शुरू हुआ। इस वजह से प्रत्येक पारी से दो ओवर घटाए गए और मुकाबला 18-18 ओवर का कर दिया गया।

बहरहाल, राजस्थान रॉयल्स ने अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं। रहाणे ने डार्सी शॉर्ट और श्रेयस गोपाल को इश सोढ़ी व महिपाल लोमरोर  की जगह शामिल किया है। वहीं दिल्ली ने भी एक बदलाव करते हुए राहुल तेवटिया की जगह शाहबाज नदीम को शामिल किया है।

दिल्ली की टीम को आठ मैचों में सिर्फ दो जीत मिली है जबकि छह हार झेलनी पड़ी हैं। इसकी वजह से उसकी प्ले ऑफ में पहुंचने की राह और मुश्किल हो गई है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स के सात मैचों में तीन जीत और चार हार के साथ छह अंक हैं। 

टीमें:

दिल्ली डेयरडेविल्स: कॉलिन मुनरो, पृथ्वी शॉ, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत, ग्लेन मैक्सवेल, विजय शंकर, शाहबाज नदीम, लियाम प्लंकेट, अमित मिश्रा, आवेश खान और ट्रेंट बोल्ट।

राजस्थान रॉयल्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), डार्सी शॉर्ट, राहुल त्रिपाठी, संजू सैमसन, बेन स्टोक्स, जोस बटलर, श्रेयस गोपाल, कृष्णप्पा गौतम, जोफ्रा आर्चर, धवल कुलकर्णी, और जयदेव उनाडकट।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें