साल 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी के सभी 10 विकेट लेने का जो कारनामा महान स्पिनर अनिल कुंबले ने किया था, 18 साल बाद उस करिश्मे को एक 15 साल के गेंदबाज ने टी-20 क्रिकेट में दोहराकर इतिहास रच दिया है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में खेले गए एक घरेलू टी-20 मैच में 15 वर्षीय गेंदबाज आकाश चौधरी ने पारी के सभी 10 विकेट लेकर सनसनी मचा दी है वो भी बिना कोई रन खर्च किए।
राजधानी जयपुर में खेले जा रहे स्वर्गीय भंवर सिंह टूर्नामेंट में बांए हाथ के गेंदबाज आकाश चौधरी ने ऐसा करिश्मा कर दिखाया जो आज तक पूरी दुनिया में कोई नहीं कर सका। दिशा क्रिकेट अकादमी की ओर से आकाश ने 10 विकेट हासिल किए। 156 रनों का पीछा करते हुए पर्ल एकेडमी की टीम 36 रन से यह मैच हार गई।
आकाश ने 4 ओवर की गेंदबाजी में बिना कोई रन देते हुए 10 विकेट झटके। इसके बाद एक इंटरव्यू में आकाश ने कहा कि टी-20 मैच में 5 विकेट लेना ही आश्चर्य की बात होती है, ऐसे में मैंने 10 विकेट झटके। यह मेरे लिए बड़े गर्व की बात है। मैं इसके लिए भगवान को शुक्रिया अदा करता हूं।