भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाज राहुल तेवतिया ने कहा कि उनके क्रिकेटिंग जीवन में युवराज सिंह और एमएस धोनी का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा, 'मैंने बचपन में युवराज सिंह की बल्लेबाजी खूब देखी। मैं लेफ्ट-हैंडर हूं, इसलिए उनकी स्टाइल और खेल मुझे बहुत पसंद आया। जब मैंने घरेलू क्रिकेट में फिनिशर के तौर पर खेलना शुरू किया और आईपीएल में मौका मिला, तो मैंने मही भाई की बल्लेबाजी भी बहुत देखी। वो डेथ ओवर्स में कैसे गेंदबाजों को टारगेट करते हैं, कैसे कैलकुलेट करते हैं, मैंने ये सब देखा। दोनों को देखकर मुझे बल्लेबाजी में काफी मदद मिली।'
आईपीएल में यादगार पल
तेवतिया गुजरात टाइटन्स के लिए 2022 से खेल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी खेला। उनका नाम आईपीएल में तब जोरशोर से सामने आया जब 2020 में राजस्थान रॉयल्स ने 224 रन के चेज में उन्हें नंबर चार पर प्रमोट किया। शुरू में उन्होंने धीमी बल्लेबाजी की, लेकिन फिर एक ओवर में पांच छक्के जड़कर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। इसी तरह, आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटन्स के लिए आखिरी दो गेंदों पर 12 रनों की जरूरत थी, तेवतिया ने लगातार दो छक्के जड़कर अपनी टीम को छह विकेट से जीत दिलाई। उस सीजन में टाइटन्स ने IPL का खिताब भी जीता।
खेल में मानसिकता बनाए रखना जरूरी
राहुल ने खेल में लगातार तैयारी और सही मानसिकता बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, 'अगर बल्लेबाजी कम मिले और जल्दी आउट हो जाए, तो ज्यादा मौके फेल होने के होते हैं। मेरे हिसाब से सफलता और असफलता के समय हमारे रवैये में कोई फर्क नहीं होना चाहिए। दोनों समय समान होना चाहिए। अगर आप जल्दी आउट होते हैं तो बुरा लगता है, लेकिन हमें अपनी प्रैक्टिस और प्रोसेस पर फोकस रखना चाहिए। अगले गेम में नई शुरुआत करनी चाहिए, पहले गेंद का सामना करना चाहिए और उसी तरह खेलना चाहिए।'
घरेलू क्रिकेट और टी20 में प्रदर्शन
तेवतिया का फर्स्ट-क्लास करियर 14 मैचों तक सीमित रहा, लेकिन उन्होंने इसमें 535 रन 28.15 की औसत से बनाए और टॉप स्कोर 144 रहा। गेंदबाजी में भी उन्होंने प्रभावशाली प्रदर्शन किया, 32 विकेट 21.96 की औसत से लिए और बेस्ट फिगर 7/98 रहा। टी20 में राहुल तेवतिया ने 169 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 2107 रन 144.31 के स्ट्राइक रेट से बनाए। उनका हाईएस्ट स्कोर 59 है और उन्होंने 69 विकेट भी लिए। उनकी खासियत मिडिल और लोअर ऑर्डर में प्रभावशाली पारी खेलना है।