दिल्ली डेयरडेविल्स के मेंटर और टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज़ राहुल द्रविड़ ने अपनी टीम की बड़ा हार पर भावनात्मक प्रतिक्रिया दी है। गौरतलब है कि रविवार को दिल्ली डेयरडेविल्स किंग्स XI पंजाब के खिलाफ 67 रन पर ही ढेर हो गई थी और उसे 10 विकेट की करारा हार झेलनी पड़ी थी। द्रविड़ ने माना है कि उनकी टीम मौजूदा समय में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई है दिल्ली आगे के मैचों में शानदार खेल दिखाएगी।
अपनी टीम की बड़ी हार के बाद दिल्ली के मेंटर राहुल द्रविड़ ने कहा, "67 रनों पर ऑलआउट होना किसी भी टीम के लिए शर्मनाक है, लेकिन अब हम इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर सकते हैं। हम इससे बेहतर हैं, हम संभलकर बल्लेबाजी नहीं कर सके, हम परिस्थितियों के अनुसार नहीं ढल सके, जिसकी वजह से हमें हार का सामना करना पड़ा।"
बकौल द्रविड़ उन्होंने कई अच्छे मैच खेले और जीत के करीब पहुंच कर बाजी उनके हाश से निकल गई। द्रविड़ ने केकेआर के खिलाफ खेले गए मैच के लिए कहा कि टीम ने शुरुआती 15 ओवर में बेहतरीन बल्लेबाजी की, मगर अंत के 5 ओवरों ने मैच का पासा पलट दिया। आईपीएल 2017 अंक तालिका में दिल्ली डेयरडेविल्स 4 अंकों के साथ सबसे नीचले स्थान पर है।