एशियाई खेल 2023 में भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में नेपाल को 23 रन से हरा दिया। क्वार्टर फाइनल मैच में जीत के साथ टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच गई है। इस मैच में भारत के लिए साई किशोर ने डेब्यू किया। एशियाई खेलों में देश के लिए पहली बार खेल रहे साई किशोर राष्ट्रगान के समय भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए। हालांकि, साई किशोर ने अपनी भावनाओं को काबू में रखते हुए मैच में अच्छा प्रदर्शन किया।
साई किशोर घरेलू क्रिकेट मे टी20 में काफी जाना-माना नाम हैं। वह आईपीएल में गुजरात की टीम के लिए खेलते हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वहीं, तमिलनाडु टी20 लीग में भी वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। जब इस मैच में उन्हें खेलने का मौका मिला तो उनके साथी खिलाड़ी दिनेश कार्तिक ने अपनी खुशी जाहिर की।
कार्तिक ने एक्स पर पोस्ट किया "जो लोग कड़ी मेहनत करते हैं उन्हें फल देने के लिए भगवान के पास अपने तरीके हैं। यह अविश्वसनीय खिलाड़ी (साई किशोर) जिसने सफेद गेंद से घरेलू क्रिकेट में दबदबा बनाया है, वह सही मायने में एक सुपरस्टार है और मैं उसके लिए इससे ज्यादा खुश नहीं हो सकता। सुबह उठा तो प्लेइंग 11 में उसका नाम देखा तो भावुक हो गया। आप चाहते हैं कि कुछ लोग अच्छा करें, वह हमेशा मेरी सूची में शीर्ष पर था। जिस तरह से उसने अपनी बल्लेबाजी में सुधार किया है, उससे आपको उसके बारे में सब कुछ पता चलता है। उसका बल्लेबाजी में निखार सबको हैरान करने वाला था और वहां से वह पूरी तरह से ऐसे व्यक्ति में बदल गया जिस पर किसी भी प्रारूप में भरोसा किया जा सकता है।
मैं उसके बारे में बोलना जारी रख सकता हूं, लेकिन अभी के लिए मैं उसे एक भारतीय क्रिकेटर बनते देखकर बहुत खुश हूं और कोई भी उससे यह छीन नहीं सकता। अच्छा करो साई।"
साई किशोर ने बनाया रिकॉर्ड
भारत के लिए आर साई किशोर ने इस मुकाबले में डेब्यू किया। बाएं हाथ के स्पिन ने गेंदबाज ने इस मैच में तीन कैच पकड़े और खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह डेब्यू मैच में तीन कैच पकड़ने वाले पहले भारतीय हैं। साई किशोर को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन अपने चार ओवरों में उन्होंने काफी प्रभावित किया। साई किशोर ने चार ओवर में 25 रन देकर एक विकेट लिया।
मैच में क्या हुआ?
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 202 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 100 रन का योगदान दिया। रिंकू सिंह ने 37, ऋतुराज और शिवम दुबे ने 25-25 रन बनाए। नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह ने दो विकेट लिए। सोमपाल कामी और लामिछाने को एक विकेट मिला। इसके जवाब में नेपाल की टीम नौ विकेट खोकर 179 रन ही बना पाई। सबसे ज्यादा 32 रन दीपेंद्र सिंह ने बनाए। संदीप जोरा और कुशल मल्ला ने 29, कुशल भुर्तेल ने 28 और करण ने 18 रन का योगदान दिया। इस तरह नेपाल की टीम 23 रन से मैच हार गई। भारत के लिए रवि बिश्नोई और आवेश खान ने तीन-तीन विकेट लिए। अर्शदीप को दो और आर साई किशोर को एक विकेट मिला।