पाकिस्तान सुपर लीग 2022 में सोमवार को लाहौर कलंदर्स और पेशावर जल्मी के बीच खेला गया मैच जबरदस्त रहा। वहाब रियाज की पेशावर ने शाहीन अफरीदी की लाहौर टीम के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 158 रन बनाए। जवाब में लाहौर की टीम भी 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 158 रन ही बना सकी। इसके बाद सुपरओवर में मैच का नतीजा निकला और पेशावर ने जीत हासिल की।
लाहौर ये मैच पहले ही हार जाती, लेकिन कप्तान शाहीन अफरीदी ने तूफानी बल्लेबाजी की और मैच को सुपर ओवर में पहुंचाया। शाहीन ने 20 गेंदों में दो चौके और चार छक्के की मदद से 39 रन बनाए और नाबाद रहे। इसके बाद पाकिस्तान के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज शाहिद अफरीदी ने भी अपने 'दामाद' की जमकर तारीफ की और उनके लिए सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया।
शाहिद अफरीदी ने शाहीन की एक तस्वीर शेयर की है जिसमें वो बिल्कुल उनकी ही तरह बल्लेबाजी करते हुए जश्न मना रहे हैं। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा- शाहीन अफरीदी! क्या खूबसूरत बल्लेबाजी की। शाहीन अभी तक शाहिद के दामाद नहीं बने हैं, लेकिन उनका रिश्ता शाहिद के घर तक पहुंच चुका है।
दरअसल, साल 2021 में खुद शाहिद अफरीदी ने ही ट्वीट कर बताया था कि शाहीन के परिवार वालों ने शादी के लिए मुझसे संपर्क किया है हम इस पर बात कर रहे हैं। हालांकि अभी तक दोनों की निकाह होगी या नहीं इस पर दोनों की ओर से किसी तरह की घोषणा नहीं की गई है।
मैच की बात करें तो सुपर ओवर में लाहौर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच रन बनाए। पेशावर की ओर से वहाब रियाज ने गेंदबाजी की और लाहौर की ओर से फखर जमान और हैरी ब्रूक बल्लेबाजी के लिए उतरे थे।
इसके बाद पेशावर के लिए शोएब मलिक और मोहम्मद हारिस बल्लेबाजी के लिए उतरे। वहीं, लाहौर के लिए शाहीन अफरीदी गेंदबाजी के लिए आए। मलिक ने पहली दो गेंदों पर चौके लगाकर पेशावर को मैच जिता दिया।