फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prithvi Shaw: 'वह खुद के दुश्मन हैं', विजय हजारे ट्रॉफी से बाहर किए जाने पर पृथ्वी शॉ के पोस्ट पर MCA का जवाब

Fri, 20 Dec 2024 01:51 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

पृथ्वी ने 16 सदस्यीय विजय हजारे ट्रॉफी टीम में जगह नहीं मिलने पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये गुस्सा निकाला था। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली मुंबई टीम का हिस्सा थे।
विज्ञापन
पृथ्वी शॉ - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विजय हजारे ट्रॉफी की टीम से बाहर किए जाने पर पृथ्वी शॉ के भड़ास भरे पोस्ट पर अब मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) का जवाब आया है। उन्होंने उस पोस्ट को तूल नहीं देते हुए कहा कि पृथ्वी लगातार अनुशासन तोड़ते रहे हैं और वह अपने दुश्मन खुद हैं। एमसीए के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि खराब फिटनेस, रवैये और अनुशासन मसले के कारण कई बार टीम को मैदान पर उन्हें या फिर उनकी हरकतों को छिपाने पर मजबूर होना पड़ता था।
विज्ञापन

पृथ्वी के पोस्ट पर MCA का जवाब

पृथ्वी ने 16 सदस्यीय विजय हजारे ट्रॉफी टीम में जगह नहीं मिलने पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये गुस्सा निकाला था। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली मुंबई टीम का हिस्सा थे। अधिकारी ने कहा, 'सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हम 10 फील्डरों के साथ खेल रहे थे क्योंकि पृथ्वी को छिपाना पड़ता था। गेंद उनके पास से निकल जाती थी और वह पकड़ नहीं पाते थे।'

'बल्लेबाजी में गेंद तक पहुंचने में हो रही थी दिक्कत'

पृथ्वी शॉ - फोटो : PTI
उन्होंने कहा, 'बल्लेबाजी के दौरान भी उन्हें गेंद तक पहुंचने में दिक्कत हो रही थी। उनकी फिटनेस, अनुशासन और रवैया खराब है और अलग अलग खिलाड़ी के लिए अलग नियम नहीं हो सकते। टीम में सीनियर खिलाड़ी भी उसके रवैये की शिकायत करने लगे थे।' सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान पृथ्वी नियमित तौर पर अभ्यास सत्रों से नदारद रहे और पूरी रात बाहर रहने के बाद सुबह छह बजे टीम होटल पहुंचते थे।

अधिकारी ने कहा कि मैदान से बाहर की हरकतों के कारण अधिक चर्चा में रहने वाले शॉ अपनी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं और इस तरह की सोशल मीडिया पोस्ट से उनका कुछ भला नहीं होने वाला। इससे पहले अक्तूबर में मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम से भी शॉ को इन्हीं कारणों से बाहर कर दिया गया था। पृथ्वी इस साल आईपीएल नीलामी में भी अनसोल्ड रहे थे। सैयद मुश्ताक में भी उनका खराब फॉर्म जारी रहा था।

पृथ्वी शॉ - फोटो : PTI
शॉ ने जताई थी निराशा
टीम से बाहर होने के बाद उन्होंने निराशा जताई थी। उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा था, 'भगवान मुझे बताओ, मुझे और क्या देखना है? 65 पारियां, 55.7 की औसत और 126 के स्ट्राइक रेट से 3399 रन (विजय हजारे में) के बावजूद मैं काफी अच्छा नहीं हूं। लेकिन मैं आप पर अपना भरोसा बनाए रखूंगा और उम्मीद है कि लोग अब भी मुझ पर भरोसा करेंगे क्योंकि मैं निश्चित रूप से वापसी करूंगा। ओम साईं राम।' 

प्रवीण आमरे ने शॉ को लेकर क्या कहा था?

हाल में शॉ को अधिक वजन और अनफिट होने के कारण मुंबई रणजी टीम से बाहर कर दिया गया था। पृथ्वी के पतन पर बोलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व टैलेंड स्काउट और सहायक कोच प्रवीण आमरे ने अनुमान लगाया कि इतनी कम उम्र में 30-40 करोड़ रुपये के करीब कमाई ने शॉ को करियर की  पटरी से उतार दिया होगा। शॉ को डीसी में लाने में बड़ी भूमिका निभाने वाले आमरे ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने शॉ को विनोद कांबली का उदाहरण दिया था, लेकिन वह भी काम नहीं आया।

'कम उम्र में पृथ्वी ने कमा लिए ज्यादा पैसे'

पृथ्वी शॉ और प्रवीण आमरे - फोटो : IPL/BCCI
आमरे ने कहा, 'दिल्ली कैपिटल्स की बदौलत शॉ ने 23 साल की उम्र तक 30-40 करोड़ रुपये कमा लिए होंगे। क्या आईआईएम ग्रेजुएट को भी इतना पैसा मिलेगा? जब आप इतनी कम उम्र में इतना कमाते हैं, तो आप पूरा ध्यान खो देते हैं। यह महत्वपूर्ण है कि आप पैसे का प्रबंधन करना जानते हों, अच्छे दोस्त बनाएं और क्रिकेट को प्राथमिकता दें। अनुशासनहीनता ने पृथ्वी के करियर को बाधित किया। वापस आने पर अच्छा प्रदर्शन करने की भूख उनसे गायब थी।' 

'विपरीत दिशा में जा रही उनकी प्रतिभा'

उन्होंने कहा, 'यह निराशाजनक है कि उनके जैसी प्रतिभा विपरीत दिशा में जा रही है। किसी ने मुझे बताया कि सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए मुंबई रवाना होने से पहले पृथ्वी ने क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में अभ्यास मैच में शानदार शतक जड़ा था। शायद वह ग्लैमर और पैसे, आईपीएल के दुष्प्रभावों को संभाल नहीं सके। उनका उदाहरण भारतीय क्रिकेट में केस स्टडी हो सकता है। जो उसके साथ हो रहा है, वह अन्य क्रिकेटरों के साथ नहीं होना चाहिए। अकेले प्रतिभा आपको शीर्ष पर नहीं ले जा सकती। तीन डी - अनुशासन, दृढ़ संकल्प और समर्पण - महत्वपूर्ण हैं।' इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन ने भी पृथ्वी को सलाह दी थी।
विज्ञापन

पीटरसन और पृथ्वी शॉ - फोटो : IPL/BCCI
विजय हजारे ट्रॉफी के लिए चुना गया मुंबई का स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), आयुष म्हात्रे, अंगकृष रघुवंशी, जय बिस्टा, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, सिद्धेश लाड, हार्दिक तमोरे, प्रसाद पवार, अथर्व अंकोलेकर, तनुष कोटियन, शार्दुल ठाकुर, रॉयस्टन डियास, जुनेद खान , हर्ष तन्ना और विनायक भोर।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें