फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL-8: लीग मुकाबलों के अंतिम दिन 2 टीमें पहुंचेंगी प्लेऑफ में

Sat, 16 May 2015 05:58 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में शानदार जीत के बाद रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) की टीम रविवार को दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ मुकाबले में जीत के साथ प्ले ऑफ प्रवेश का लक्ष्य लेकर उतरेगी।
विज्ञापन


आरसीबी के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव जरूर रहा है लेकिन टीम प्लेऑफ की कड़ी होड़ में शामिल है। तेरह मैचों में टीम के 15 अंक हैं और वह दूसरे नंबर पर चल रही है। बंगलोर की कोशिश रविवार को सीधी जीत की होगी ताकि उसे अन्य टीमों के साथ नेट रनरेट की तुलना में न फंसना पड़ा। यह मैच शाम चार बजे बंगलूरू में खेला जाएगा।

उधर, दिल्ली की टीम पहले ही अंतिम चार टीमों की रेस से बाहर हो चुकी है उसके 13 मैचों में सिर्फ 10 अंक है। वह अंतिम मैच में जीत के साथ साख बचाने का प्रयास करेगी।
विज्ञापन


आरसीबी के बल्लेबाज क्रिस गेल, एबी डीविलियर्स और कप्तान विराट कोहली अच्छी फॉर्म में हैं, इसलिए भी उसका पलड़ा रविवार के मैच में भारी माना जा रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वर्षा से बाधित मैच में गेल ने 35 और कोहली ने नाबाद 44 रन बनाए जब उन्हें 6 ओवरों में 81 रनों का संशोधित लक्ष्य दिया गया था।

टीम के धुरंधर बल्लेबाज वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 133 रन बनाए थे और टीम एक विकेट पर 235 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही थी। दिल्ली के खिलाफ आरसीबी चाहेगी कि उसके तीन प्रमुख बल्लेबाजों में से कम से कम कोई एक खुलकर हाथ दिखा दे।

गेंदबाजी में आरसीबी के पास मिचेल स्टार्क हैं जो अक्सर शुरुआत में विकेट लेकर विपक्षी टीम को झटका दे देते हैं। उधर दिल्ली के पास खोने को कुछ नहीं है और इस कारण उस पर कोई दबाव नहीं है। दिल्ली ने पिछले मैच में अंकतालिका में शीर्ष पर चल रही चेन्नई सुपरकिंग्स जैसी टीम को छह विकेट से हराया। श्रेयस अय्यर ने नाबाद 70 रन बनाए जबकि अनुभवी गेंदबाज जहीर खान ने पुराना जादू दिखाया।

वैसे दिल्ली के लिए चीजें इस सीजन में सही नहीं चलीं। उसके सबसे महंगे खिलाड़ी युवराज सिंह एकदम फ्लॉप रहे। मिडिल ऑर्डर ने भी खराब प्रदर्शन किया। गेंदबाजी में पहले स्पिनर इमरान ताहिर अच्छा कर रहे थे लेकिन बाद में उनकी लय भी बरकरार नहीं रही है।
विज्ञापन

IPL-8 के अंतिम लीग मैच में जीत से मिलेगा आगे का रास्ता

मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमों के एकसमान 14-14 अंक हैं। अंतिम लीग मैच में प्लेऑफ प्रवेश के लिए दोनों को जीत चाहिए। हार का मतलब प्लेऑफ की होड़ से बाहर होना होगा।

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम शुक्रवार को बंगलोर के खिलाफ मुकाबले में हार अवश्य गई लेकिन इससे पहले टीम ने लगातार जीत हासिल कर अच्छा प्रदर्शन किया है। हैदराबाद के लिए शीर्ष क्रम में कप्तान डेविड वार्नर और शिखर धवन ने कई मैचों में खुलकर हाथ दिखाए हैं। मध्यक्रम में मोएसिस हेनरिक, इयोन मोर्गन और लोकेश राहुल भी उपयोगी योगदान करते रहे हैं। हालांकि पहले मध्यक्रम उतना नहीं चल पा रहा था लेकिन मैच दर मैच उसकी स्थिति सुधरी है।

वार्नर की अगुआई वाली हैदराबाद टीम के पास गेंदबाजों की भी अच्छी कतार है। डेल स्टेन, ट्रेंट बोल्ट, भुवनेश्वर कुमार, हेनरिक्स और कर्ण शर्मा के रूप में अच्छे विकल्प हैं। एक-दो मैच को छोड़ दें तो डेथ ओवरों में भुवनेश्वर कुमार अच्छा करते रहे हैं।

मुंबई इंडियंस ने पिछले मैच में गत चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ पांच रन से रोमांचक जीत हासिल की थी। एक समय 79 रनों पर चार विकेट गंवाने के बाद टीम 171 रन बनाने में सफल रही थी। लिंडल सिमंस, रोहित शर्मा और किरोन पोलार्ड बल्लेबाजी में और गेंदबाजी में लसिथ मलिंगा और हरभजन मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं।

शुरुआत में मुंबई इंडियंस ने संघर्ष किया लेकिन अगर उसे प्लेऑफ में प्रवेश पाना है तो खिलाड़ियों को उम्मीदें पर खरा उतरना होगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें