विराट कोहली की अगुआई वाली भारतीय क्रिकेट टीम मंगलवार से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
टीम इंडिया ने मौजूदा सीरीज के अब तक खेले गए दोनों मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने पहला टेस्ट मैच पारी और 92 रन से जीता था लेकिन दूसरे टेस्ट मैच में जीत के करीब पहुंच चुकी टीम इंडिया को ड्रॉ पर मजबूर होना पड़ा। तीसरा मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।
मेजबान टीम के बल्लेबाज रोस्टन चेस ने दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में 269 गेंदों पर नाबाद 137 रन की पारी खेली जिससे विंडीज टीम वर्षा से प्रभावित मैच को ड्रॉ कराने में सफल रही। मेहमान टीम चार मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है।
टीम इंडिया की कोशिश होगी कि वह पिछले मैच की गलतियों से सबक लेते हुए सीरीज में अपराजेय बढ़त ले। इस मैदान पर अब तक केवल चार टेस्ट मैच खेले गए हैं। यहां पहला टेस्ट मैच 2003 में खेला गया था। भारतीय टीम ने वर्ष 2006 में यहां अपना पहला टेस्ट खेला था जो ड्रॉ रहा था। हालांकि चारों टेस्ट मैच जो अब तक यहां खेले गए हैं उनमें से तीन ड्रॉ रहे हैं।
पिच है बल्लेबाजों के अनुकूल
विराट कोहली
इस मैदान की पिच हमेशा की तरह बल्लेबाजों के अनुकूल है। इस विकेट पर चारों तरफ भूरी घास है। भारत की पांच गेंदबाजों के साथ उतरने की रणनीति यहां भी बरकरार रहनी चाहिए लेकिन टीम प्रबंधन ने इसपर जरूर चर्चा की होगी कि जमैका में पांचवें दिन कि पिच में आखिरी दिन मेहमान टीम के गेंदबाज छह विकेट क्यों नही ले पाए।
संभावित भारतीय टीम: विराट कोहली (कप्तान), मुरली विजय, शिखर धवन, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, रिद्घिमान साहा (विकेटकीपर), आर अश्विन, अमित मिश्रा, रविंद्र जडेजा, स्टुअर्ट बिन्नी, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, शर्दुल ठाकुर, उमेश यादव और इशांत यादव।
वेस्टइंडीज: जेसन होल्डर (कप्तान), क्रेग ब्रेथवेट, शाइ होप, डेरेन ब्रावो, मार्लन सैमुअल्स, जर्मेन ब्लैकवुड, रोस्टन चेस, लियोन जॉनसन, शेन डोरिच (विकेटकीपर), देवेंद्र बिशू, कार्लोस ब्रेथवेट, शैनन गैब्रियल, मिगुएल कमिंस और अल्जारी जोसेफ।