पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ ने शनिवार को कहा है कि ऑस्ट्रेलियाई आलराउंडर शेन वाटसन की मौजूदगी आईपीएल के छठवें संस्करण में राजस्थान रॉयल्स के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
आईपीएल के पिछले संस्करण में शुरुआती आठ-नौ मैचों में टीम का हिस्सा नहीं बन पाए वाटसन का इस बार समय पर राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बनने की उम्मीद है।
राजस्थान टीम के कप्तान द्रविड़ ने कहा, ‘वाटसन टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से हैं और हमें उम्मीद है कि उनकी मौजूदगी से टीम को मजबूती मिलेगी। हमें खुशी है कि वाटसन इस बार समय पर टीम का हिस्सा होंगे। यदि हम अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलें तो हम बड़ा बदलाव कर सकते हैं।’
द्रविड़ ने साथ ही संकेत दिए कि वाटसन को अजिंक्य रहाणे के साथ ओपनिंग में भेजा जा सकता है। इस बीच, द्रविड़ ने देश में श्रीलंकाई खिलाड़ियों को लेकर चल रहे विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। द्रविड़ ने कहा, ‘सरकार और बीसीसीआई दोनों ही मिलकर इस मामले पर विचार कर रहे हैं। मुझे यकीन है कि वह इसका हल निकाल लेंगे।’