टीम इंडिया में वापसी की उम्मीदें संजो रहे तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार और इरफान पठान को जोर का झटका लगा है।
चोट के कारण दोनों तेज गेंदबाजों को वेस्ट इंडीज ए के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पूर्व भारत ए टीम से बाहर होना पड़ा है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सिद्धार्थ कौल और विनय कुमार को इरफान तथा प्रवीण कुमार की जगह टीम में शामिल किया है।
बीसीसीआई ने ट्वीट कर बताया कि प्रवीण कुमार और इरफान पठान चोटिल होने के कारण वेस्टइंडीज ए के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह सिद्धार्थ और विनय को टीम में लिया गया है।
केरल के बल्लेबाज वीए जगदीश को 17 और 19 सितंबर को खेले जाने वाले दूसरे और तीसरे चार दिवसीय मैच के लिए भारत ए टीम में शामिल किया गया है। हरफनमौला युवराज सिंह वेस्टइंडीज ए के खिलाफ 14 सदस्यीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
वेस्टइंडीज ए का दौरा 15 सितंबर से शुरू हो रहा है जो 12 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरे में उसे तीन एक दिवसीय, एक टी-20 और तीन चार दिवसीय मैचों की सीरीज खेलनी है।