प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंगूठे में फ्रेक्चर के कारण वर्ल्ड कप 2019 से बाहर हुए टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के जल्दी स्वस्थ होकर मैदान पर लौटने की कामना की है। मोदी ने ट्विटर पर लिखा, 'इसमें कोई शक नहीं कि मैदान पर आपकी कमी खलेगी लेकिन मैं उम्मीद करता हूं कि आप जल्दी स्वस्थ होकर मैदान पर लौटेंगे और देश की जीत में योगदान देंगे।'
बता दें कि धवन अंगूठे में फ्रेक्चर से उबर नहीं पाने के कारण इंग्लैंड में चल रहे विश्व कप से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की जीत के नायक रहे धवन तेज गेंदबाज नाथन कोल्टर नाइल की उछाल लेती गेंद पर चोटिल हो गए थे, लेकिन दर्द की परवाह न करते हुए उन्होंने शानदार शतक ठोकते हुए 109 गेंदों में 117 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। पहले उम्मीद की जा रही थी कि वह दो तीन मैच के बाद टीम में लौट सकेंगे लेकिन ऐसा हो नहीं सका। उनकी जगह ऋषभ पंत को भारतीय टीम में जगह दी गई है।