पीएम मोदी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जमकर सराहना की
- फोटो : ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जमकर तारीफ की है, दिल्ली में उभरते विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार सम्मेलन 2025 को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का ये कार्यक्रम साइंस से जुड़ा हुआ है, लेकिन मैं सबसे पहले क्रिकेट की बात करूंगा। पीएम मोदी ने आगे कहा, 'पूरा भारत अपनी क्रिकेट टीम की सफलता से खुश है। यह भारत का पहला महिला विश्व कप है। मैं हमारी महिला क्रिकेट टीम को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। हमें आप पर गर्व है आपकी यह सफलता देश के करोड़ों नौजवानों को प्रेरित करेगी।'
यह भी पढ़ें -
Deepti Sharma: 2017 की हार से 2025 की जीत तक, इस तरह संघर्ष कर दीप्ति शर्मा ने लिखी सुनहरी कहानी, दिलाया खिताब
'यह ऐतिहासिक जीत नई पीढ़ी को प्रेरित करेगी'
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत! फाइनल में उनका प्रदर्शन अद्भुत कौशल और आत्मविश्वास से भरा रहा। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण टीम वर्क और दृढ़ता दिखाई। हमारी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई। यह ऐतिहासिक जीत भविष्य की चैंपियन खिलाड़ियों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी।'
महिला क्रिकेट टीम की जीत पर जश्न का माहौल
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर अपना पहला आईसीसी महिला वनडे विश्व कप खिताब जीत लिया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 298 रन बनाए थे। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 45.3 ओवर में 246 रन पर सिमट गई।
यह भी पढ़ें -
गुड मॉर्निंग विश्व चैंपियन: जेमिमा और स्मृति मंधाना ने ट्रॉफी के साथ खिंचाई तस्वीर, चेहरे पर दिखी जीत की खुशी
भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा ने दो विकेट हासिल किए। वहीं दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एल वोल्वार्ट की 101 रन की पारी भी टीम को हार से नहीं बचा सकी। 2025 में भारतीय टीम ने पहली बार विश्व विजेता बनकर न सिर्फ खेल जगत बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित कर दिया है। देशभर में जश्न का माहौल है।