स्टार क्रिकेटर केविन पीटरसन दोबारा से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौट आए हैं। पीटरसन को भारत दौरे पर आने वाली इंग्लिश टेस्ट टीम में शामिल कर लिया गया है। इसी साल पीटरसन ने दोबारा से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटेने की इच्छा जताई थी। इंग्लिश टीम में शामिल होने के लिए पीटरसन ने इसी टीम निदेशक एंडी फ्लावर, कप्तान एलेस्टेयर कुक और टीम प्रबंधन के अन्य वरिष्ठ सदस्यों से भेंट की थी।
पीटरसन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट के बाद से अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेले हैं। इसी टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीकी टीम के सदस्यों को विवादित मैसेज भेजने के कारण तीसरे टेस्ट से इंग्लैंड के इस बल्लेबाज को हटा दिया गया था। इसके बाद इंग्लैंड की टी20 विश्व कप टीम में भी उन्हें शामिल नहीं किया गया था।
इंग्लैंड टीम निदेशक ह्यूज मोरिस ने कहा, 'हम चाहते थे कि टेस्ट टीम के अगले सप्ताह यूएई और भारत के लिए रवाना होने से पहले केविन टीम प्रबंधन और सीनियर खिलाड़ियों से आमने-सामने मुलाकात करें। मोरिस ने कहा कि बैठक सौहार्दपूर्ण रही और सभी मुद्दे सुलझा लिए गए। टीम के सभी खिलाड़ी और प्रबंधन अब इस मामले को पूरी तरह पीछे छोड़कर भारत दौरे पर अपना पूरा ध्यान लगाना चाहते है। उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड की टीम 15 नवंबर से भारत में टेस्ट सीरीज खेलेगी।