यात्रियों को अब तत्काल टिकट बुक करने के लिए अलग से फॉर्म भरना पड़ेगा। मौजूद व्यवस्था के तहत आम और तत्काल दोनों तरह की टिकट बुक करने के लिए एक ही फॉर्म भरना होता है। मगर अब एक गुलाबी रंग का फॉर्म तत्काल बुकिंग के लिए अलग से मिलेगा, जिसमें यात्रियों को अपने घर का पता, फोन नंबर, पहचान संबंधी तथा अन्य विवरण देना होगा। नए फॉर्म में कई तरह की चेतावनी भी दी जाएंगी। इसमें गलत जानकारी देने पर सजा या जुर्माने सहित अगले स्टेशन पर उतरने से संबंधित चेतावनी भी शामिल हैं।
इस पहल की घोषणा करते हुए नॉर्दर्न रेलवे के जीएम वीके गुप्ता ने कहा कि टिकट सेवा का दुरुपयोग रोकने को लेकर आईआरसीटीसी की आईटी एंटी फ्रॉड टीम ने फरवरी 2011 से लेकर अब तक लाखों आईडी निष्क्रिय की हैं। गुप्ता ने साथ ही बताया कि इस त्योहारी सीजन में यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए 62 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। गुप्ता ने सुरक्षा को लेकर भी पुख्ता इंतजाम होने का भरोसा दिलाया।