भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने अपने आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे चेन्नई सुपरकिंग्स से इसलिए जलते हैं क्योंकि उनके पास भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं।
बीसीसीआई अध्यक्ष का पदभार छोड़ने के बाद श्रीनिवासन एक समारोह में पहली बार बोले और उन्होंने धोनी की जमकर तारीफ की।
आईपीएल से जुड़े विवादों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आपको पता है कि लोग चेन्नई सुपरकिंग्स से क्यों जलते हैं। ऐसा धोनी की वजह से है। मेरे पास धोनी है इसलिए मुझ पर हमले हुए।
उन्होंने आगे कहा कि अगर वे धोनी को छोड़ देते हैं तो उनके विरोधी चुप हो जाते। श्रीनिवासन अलगप्पा कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।
छोड़ना पड़ा था बीसीसीआई का काम
श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन पर स्पॉट फिक्सिंग और सट्टेबाजी में लिप्त होने के आरोप लगाए जाने के बाद वह भी विवादों के घेरे में आ गए थे। मयप्पन की गरिफ्तारी के बाद उनकी आलोचना हुई थी और उन्हें अध्यक्ष के कामकाज से अलग होना पड़ा था।
उनके बाद बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष जगमोहन डालमिया ने अंतरिम सदस्य के तौर पर बीसीसीआई का कार्यभार संभाला था। जांच में निर्दोष पाए जाने पर श्रीनिवासन फिर से बसीसीआई अध्यक्षों के कार्यों का निर्वहन कर सकेंगे।
सीएसके के मालिकाना हक से इनकार
सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अपना कह रहे श्रीनिवासन हालांकि सीएसके का मालिकाना हक होने से इंकार करते रहे हैं।
उनका कहना कि वे सीएसके की इंडिया सीमेंट्स के केवल एक कर्मचारी हैं। कंपनी के शेयरधारक ही सीएसके के असली मालिक हैं।
धोनी की जमकर तारीफ
समारोह में उन्होंने धोनी की जमकर तारीफ की और उन्हें एक बेहतरीन नेतृत्वकर्ता और नए विचारों वाला कप्तान कहा।
श्रीनिवासन ने कहा कि मैदान पर धोनी कभी अपनी भावनाएं जाहिर नहीं करते। वह बुद्घिमान क्रिकेटर और सामान्य शख्स हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व भारतीय कोच गैरी कर्स्टन ने भी कहा था कि मैदान पर कोई भी महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी नहीं कर सकता।