टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में उठापटक मची हुई है। टीम से लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) में इस हार के बाद हाहाकार मचा है। इस बीच, पीसीबी ने मोहम्मद यूसुफ और असद शफीक जैसे पूर्व खिलाड़ियों को नई चयन समिति में बरकरार रखा है। ये समिति अगले महीने बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए टीमों का चयन करेगी।
वहाब रियाज और अब्दुल रज्जाक को किया था बर्खास्त
पीसीबी ने टी20 विश्व कप में टीम के पहले दौर से आगे नहीं बढ़ पाने के बाद वहाब रियाज और अब्दुल रज्जाक को बर्खास्त कर दिया था, लेकिन हैरानी की बात है कि यूसुफ और शफीक को बरकरार रखा गया है। यूसुफ पाकिस्तान टीम के बल्लेबाजी कोच भी थे, जबकि वहाब ने आयरलैंड, इंग्लैंड और विश्व कप के दौरे पर सीनियर टीम मैनेजर के रूप में भी काम किया था। यूसुफ और शफीक पिछली चयन समिति के सदस्य थे जिसने टी20 विश्व कप टीम का चयन किया था। नई समिति में लाल और सफेद गेंद वाली टीमों के कप्तान और मुख्य कोच भी शामिल होंगे। यूसुफ और शफीक सहित सभी सदस्यों के पास वोट देने और निर्णय लेने का अधिकार होगा।
मसूद को टेस्ट कप्तान बरकरार रखने का लिया था फैसला
पीसीबी और टेस्ट टीम के कोच जेसन गिलेस्पी ने व्यस्त अंतरराष्ट्रीय सत्र से पहले राष्ट्रीय टीम के टेस्ट कप्तान के रूप में शान मसूद पर भरोसा जताया और टेस्ट कप्तान बरकरार रखा था। पाकिस्तान को इस साल अक्टूबर में तीन मैच की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड की मेजबानी करनी है, जबकि बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज का भी सामना करना है।
बाबर की हुई थी आलोचना
हाल ही में संपन्न हुए टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बाबर कई पूर्व क्रिकेटरों के निशाने पर आए थे। पाकिस्तान का सफर इस वैश्विक टूर्नामेंट में ग्रुप चरण में ही थम गया था जिसके बाद शोएब मलिक सहित कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने बाबर पर सवाल खड़े किए थे। मालूम हो कि बाबर ने पिछले साल वनडे विश्व कप के बाद सभी प्रारूपों की कमान छोड़ दी थी, लेकिन टी20 विश्व कप से ठीक पहले उन्हें दोबारा सीमित ओवरों की कमान सौंपी गई थी।