पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने स्पॉट फिक्सिंग मामले में प्रतिबंध झेल रहे शार्जील खान की घरेलू क्रिकेट खेलने की अनुमति देने की अपील खारिज कर दी। शार्जील पर लगा प्रतिबंध इस साल अगस्त में खत्म होगा। पीसीबी के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि शार्जील ने अपने वकील के जरिये याचिका भेजी दी, जिस पर बोर्ड के संचालकों की बैठक में बात की गई।
शार्जील के वकील शेगान एजाज ने कहा कि बोर्ड अध्यक्ष एहसान मनी से अनुरोध किया था कि वह भ्रष्टाचार निरोधक आचार संहिता के तहत अपने विशेषाधिकारों का इस्तेमाल करके उन्हें घरेलू और क्लब क्रिकेट खेलने की अनुमति दे। पीसीबी ने इससे पहले तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर को यह छूट दी थी।
पीसीबी अधिकारी ने कहा कि काफी विचार विमर्श के बाद यह तय किया गया कि शार्जील को अगस्त में ही खेलने की अनुमति मिलेगी। ओपनर शार्जील को दुबई में फरवरी 2017 में पाकिस्तान सुपर लीग के दूसरे सत्र की शुरुआत में स्वदेश वापिस भेज दिया गया था। बाद में उस पर पांच साल का प्रतिबंध लगा दिया गया जो घटाकर ढाई साल कर दिया गया था।