चैंपियंस ट्रॉफी का समय नजदीक आ रहा है और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) इसके लिए कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता है। चैंपियंस ट्रॉफी के मैचों की मेजबानी कराची, लाहौर और रावलपिंडी को करनी है और इन तीनों ही स्टेडियमों में पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है। पीसीबी टूर्नामेंट शुरू होने से पहले आयोजन स्थलों को परखना चाहता है और इसलिए वह आठ फरवरी से दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के साथ त्रिकोणीय वनडे सीरीज आयोजित करेगा।
पीसीबी ने शनिवार को त्रिकोणीय सीरीज का आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया, जिसका फाइनल 14 फरवरी को कराची के नेशनल स्टेडियम में होगा। चैंपियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से नौ मार्च तक आयोजित की जाएगी। पाकिस्तान का सामना चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मैच में न्यूजीलैंड से होगा। पीसीबी ने कहा कि त्रिकोणीय सीरीज आठ से 14 फरवरी तक खेली जाएगी, जिसके पहले दो मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होंगे। अंतिम लीग मैच और टूर्नामेंट का फाइनल कराची में होगा।
19 फरवरी से शुरू होगी चैंपियंस ट्रॉफी
चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हाइब्रिड मॉडल के तहत 19 फरवरी से होगा। इस टूर्नामेंट के लिए सभी आठ टीमों को चार-चार के दो ग्रुप में बांटा गया है। चैंपियंस ट्रॉफी में 12 लीग चरण के मुकाबले होंगे और फिर सेमीफाइनल तथा फाइनल खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच 23 फरवरी को दुबई में मुकाबला खेला जाएगा। अगर भारत फाइनल में पहुंचने में सफल रहा तो खिताबी मुकाबला दुबई में ही खेला जाएगा। भारत इस टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ करेगा। इसके बाद उसे पाकिस्तान तथा दो मार्च को न्यूजीलैंड से खेलना है। इसका फाइनल मुकाबला आठ मार्च को खेला जाएगा।
गद्दाफी स्टेडियम में नई कुर्सियां लगाई जा रही है जिससे दर्शकों की क्षमता बढ़कर 35000 हो गई है। इसके अलावा 480 एलईडी लाइट लगाई जा रही हैं। कराची में 350 एलईडी लाइट्स लगाए गए हैं और दो बड़े डिजिटल डिसप्ले और 5000 नई कुर्सियां भी लगाई जा रही हैं। पीसीबी ने कहा था कि रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में 10000 नई कुर्सियां, बेहतर हॉस्पिटेलिटी बॉक्स और दो डिजिटल रिप्ले स्क्रीन्स लगाए गए हैं।
त्रिकोणीय वनडे सीरीज का कार्यक्रम:
आठ फरवरी: पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड
10 फरवरी: न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका
12 फरवरी: पाकिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका
14 फरवरी: फाइनल