पाकिस्तान के हरफनमौला खिलाड़ी शाहिद अफरीदी ने टी20 विश्व कप में टीम के खराब प्रदर्शन के लिए कप्तान बाबर आजम की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें टीम की अगुआई करने के लिए पर्याप्त मौके दिए गए और अब समय आ गया है कि पीसीबी उनकी कप्तानी पर फैसला करे। पाकिस्तान के पूर्व हरफनमौला शाहिद अफरीदी ने टी20 विश्व कप में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद आलोचना झेल रहे कप्तान बाबर आजम को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्हें काफी मौके दिये जा चुके हैं और अब पीसीबी को उनकी कप्तानी को लेकर फैसला लेना चाहिए।
'पीसीबी को फैसला लेना चाहिए'
पूर्व चैंपियन पाकिस्तान को टी20 विश्व कप में अमेरिका और भारत ने हराकर ग्रुप चरण से ही बाहर कर दिया। वर्ल्ड लीजैंड्स चैंपियनशिप में भाग लेने बर्मिंघम गए अफरीदी ने मीडिया से कहा, "बाबर को पाकिस्तान की कप्तानी के पूरे मौके दिए गए। उसे बतौर कप्तान अपनी उपयोगिता साबित करने का काफी समय मिला। अब पीसीबी जो भी आत्ममंथन करना चाहे, उसे फैसला लेना होगा।"
उन्होंने कहा, "मैं भी पाकिस्तान का कप्तान रह चुका हूं और यूनिस खान तथा मिसबाह उल हक भी । लेकिन जब भी टीम ने विश्व कप में खराब प्रदर्शन किया है , पहली छुरी कप्तान पर चली है।"
बाबर को मिले कई मौके
बाबर चार विश्व कप और दो एशिया कप में टीम की कप्तानी कर चुके हैं। अफरीदी ने यह भी कहा कि पीसीबी अगर नया कप्तान नियुक्त करता है तो दो नए विदेशी कोचों गैरी कर्स्टन और जैसन गिलेस्पी के साथ उसे समय दिया जाना चाहिए। पूर्व कप्तान ने वहाब रियाज और अब्दुल रज्जाक को चयनकर्ता के पद से हटाने के बोर्ड के फैसले पर भी असहमति जताई। उन्होंने कहा, "इसका कोई तुक नहीं था। दो चयनकर्ताओं को हटाने से क्या होगा।"