पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड सरफराज अहमद से टेस्ट टीम की कप्तानी छीन सकता है। पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक पीसीबी का यह फैसला सरफराज के उस बयान के बाद आया, जिसमें सफराज ने एक दिन पहले ही नेशनल स्टेडियम में संवाददाताओं से कहा था कि मैं अभी पाक टीम का कप्तान बना रहना चाहता हूं, इस पद को छोड़ने की अभी मेरी कोई इच्छा नहीं है।
सरफराज ने अबतक 13 टेस्ट मैचों में पाक टीम की कमान संभाली है। इसमें से पाकिस्तानी टीम को चार में जीत और आठ में हार मिली है। खबरों के मुताबिक पीसीबी आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप से पहले टेस्ट टीम की कमान नए कप्तान के हाथों में सौंपना चाहता है। पीसीबी की क्रिकेट समिति दो अगस्त को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में बैठक में इस मामले पर चर्चा की जाएगी और हो सकता है कि नए कप्तान का चुनाव भी कर लिया जाए।
समिति राष्ट्रीय टीम के साथ अंडर-16 और अंडर-19 टीमों के प्रदर्शन की भी समीक्षा करेगी।समीक्षा के बाद समिति पीसीबी अध्यक्ष एहसान मनी को सिफारिशें भी करेगी। इस समिति की अध्यक्षता पीसीबी के प्रबंध निदेशक वसीम खान करेंगे और इस समिति में वसीम अकरम, मिस्बाह उल हक और उरोज मुमताज जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।
रिपोर्ट की माने तो समिति 29 साल के शान मसूद को टेस्ट टीम का नया कप्तान बना सकती है। मसूद ने अब तक 15 टेस्ट मैचों में 26.43 के औसत से 797 रन बनाए हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछला टेस्ट मैच खेला था, जिसमें दो अर्धशतक जड़े थे। पाकिस्तानी टीम विश्व कप के सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाई थी। जिसके बाद से सरफराज समेत टीम के सभी खिलाड़ियों को जमकर आलोचना झेलनी पड़ी थी।