फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PBKS vs RCB: आरसीबी ने पंजाब को 24 रन से हराया, टूर्नामेंट में तीसरी जीत, कोहली-प्लेसिस के बाद सिराज का कमाल

Thu, 20 Apr 2023 08:47 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मोहाली

सार

विराट कोहली की कप्तानी में आरसीबी की टीम अलग ऊर्जा के साथ खेली और सामान्य से स्कोर का बचाव करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। सिराज ने चार विकेट झटके और टीम को 24 रन से जीत दिलाई।
 
विज्ञापन
पंजाब किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2023 में आरसीबी की टीम जीत की पटरी पर लौट चुकी है। विराट कोहली की कप्तानी में बैंगलोर ने पंजाब किंग्स को उसके घर में 24 रन से हराया। इस मैच में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 174 रन बनाए थे। इसके जवाब में पंजाब की टीम 150 रन पर सिमट गई और मैच हार गई। इस टूर्नामेंट में यह आरसीबी की तीसरी जीत है। अब पंजाब और आरसीबी दोनों टीमों के पास छह मैचों के बाद छह अंक हैं। अंक तालिका में आरसीबी पांचवें और पंजाब सातवें स्थान पर है।
विज्ञापन


इस मैच में आरसीबी के लिए विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस ने अर्धशतक लगाए। वहीं, पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह और जितेश शर्मा ने अच्छी पारियां खेलीं, लेकिन दोनों अर्धशतक से चूक गए और अपनी टीम को मैच भी नहीं जिता पाए। आरसीबी के लिए सिराज ने चार विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने।


विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस - फोटो : IPL/BCCI
प्लेसिस और कोहली ने किया कमाल
इस मैच में आरसीबी के नियमित कप्तान फाफ डुप्लेसिस पूरी तरह फिट नहीं थे और टीम की कमान कोहली के हाथ में थी। हालांकि, प्लेसिस बल्लेबाजी के लिए आए और कोहली के साथ मिलकर टीम को शानदार शुरुआत दी। उन्होंने 31 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद कोहली ने भी 40 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 97 गेंदों में 137 रन जोड़े। कोहली 47 गेंद में 59 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन प्लेसिस जमे रहे। कोहली के आउट होने के बाद अगली ही गेंद पर मैक्सवेल भी आउट हो गए। कार्तिक, लोमरोर और शाहबाज भी कुछ खास नहीं कर पाए। प्लेसिस 56 गेंद में 84 रन बनाकर आउट हुए और आरसीबी ने चार विकेट पर 174 रन बनाए। 

पहले विकेट के लिए कोहली-प्लेसिस के बीच शतकीय साझेदारी होने के बाद आरसीबी के लिए 200 रन का स्कोर बनाना मुश्किल नहीं था। हालांकि, अंत के ओवरों में अर्शदीप सिंह और सैम करन ने शानदार गेंदबाजी की। हरप्रीत बराड़ ने भी दो विकेट लिए। आखिरी चार ओवर में आरसीबी के चारो विकेट गिरे और यह टीम 37 रन बनाने में सफल रही। अर्शदीप सिंह और नाथन एलिस को एक-एक विकेट मिला।

पंजाब की खराब शुरुआत
175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही। अर्थव ताइदे दूसरी गेंद पर ही सिराज का शिकार बने। पारी के तीसरे ओवर में हसरंगा ने मैथ्यू शॉर्ट को भी आउट कर दिया। लिविंगस्टोन दो रन बनाकर सिराज का दूसरा शिकार बने। 27 रन के स्कोर पर पंजाब के तीन विकेट गिर गए थे। हालांकि, प्रभसिमरन सिंह एक छोर पर जमे रहे, लेकिन उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। हरप्रीत भाटिया 13 रन और सैम करन 10 रन बनाकर रन आउट हुए। 76 रन पर पंजाब की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। 

विज्ञापन

इसके बाद प्रभसिमरन और जीतेश शर्मा ने 21 रन जोड़े, लेकिन प्रभसिमरन सिंह भी 30 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद फिर पंजाब के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। शाहरुख खान सात रन, हरप्रीत बराड़ 13 रन और नाथन एलिस एक रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, जीतेश शर्मा एक छोर पर जमे रहे और अच्छी पारी खेली। 17 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर सात विकेट पर 145 रन था और जीत के लिए इस टीम को तीन ओवर में 30 रन की जरूरत थी। 



सिराज 18वां ओवर लेकर आए और मैच पलट दिया। उन्होंने इस ओवर में सिर्फ चार रन दिए और दो विकेट लिए। सिराज ने हरप्रीत बराड़ और नाथन एलिस को आउट कर मैच बैंगलोर के पक्ष में कर दिया। अगले ओवर में जीतेश शर्मा भी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए और पंजाब की टीम 24 रन से मैच हार गई। 



जीतेश शर्मा 27 गेंद में 41 रन बनाकर आउट हुए। आरसीबी के लिए सिराज ने चार विकेट लिए। हसरंगा को दो विकेट मिला। पार्नेल और हर्षल पटेल को एक-एक विकेट मिला।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें