गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) रविवार को यहां लगातार दूसरी बार आईपीएल मैच में पंजाब किंग्स से भिड़ेगी तो उसकी कोशिश जीत की लय हासिल करने पर लगी होगी। इस मैच में श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की सीएसके के प्लेइंग-11 में वापसी हो सकती है जो पंजाब के खिलाफ पिछले मैच से बाहर रहे थे।
पंजाब ने दी थी चेन्नई को मात
पिछले मैच में ही पंजाब किंग्स ने चेपॉक पर सीएसके को सात विकेट से हराया था। घरेलू टीम की यह पिछले तीन मैच में दूसरी हार थी जिससे टीम मुश्किल में है। सीएसके 10 अंक लेकर तालिका में पांचवें स्थान पर है और पांच बार की चैंपियन उम्मीद करेगी कि स्थान बदलने से उसका भाग्य भी बदल जाएगा क्योंकि नॉकआउट चरण में अपना स्थान पक्का करने क लिए महज चार मैच बचे हैं। सीएसके हरप्रीत बरार और राहुल चाहर की स्पिन जोड़ी के खिलाफ मध्य के ओवरों में तेजी नहीं दिखा सकी जिससे उसने सात विकेट पर 162 रन का स्कोर बनाया था। उनकी बल्लेबाजी भी कप्तान ऋतुराज गायकवड़ और शिवम दुबे पर निर्भर होती जा रही है तथा जैसे ही इनमें से एक विफल होता है, वैसे ही टीम के अनिरंतर बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ जाता है। गायकवाड़ ने सत्र का पांचवां 50 से ज्यादा रन का स्कोर बनाया जबकि अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे एक बार फिर शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे, जबकि रवींद्र जडेजा और समीर रिज्वी स्पिन के खिलाफ जूझते नजर आए।
खिलाड़ियों की चोट से परेशान है सीएसके
सीएसके अपने तेज गेंदबाजों के स्वास्थ्य और फिटनेस चिंताओं से भी परेशान है जिसमें दीपक चाहर भी शामिल हैं जो महज दो गेंद फेंकने के बाद अपनी हैमस्ट्रिंग को पकड़कर लगड़ाते दिखे जिससे उनके पंजाब किंग्स के खिलाफ इस दूसरे मुकाबले में खेलने की संभावना नहीं है। मुख्य गेंदबाज मथिशा पाथिराना (हल्की चोट) और तुषार देशपांडे (फ्लू) की अनुपस्थिति से टीम को नुकसान हुआ। फिर ओस ने स्पिनरों की अहमियत कम कर दी जिससे पंजाब किंग्स ने आसानी से जीत हासिल की। रिचर्ड ग्लीसन ने पिछले मैच में आईपीएल पदार्पण किया था और सीएसके मुकेश चौधरी को वापस बुला सकती है।
पंजाब की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बरकरार
पंजाब किंग्स की बात करे जो तो उसने लगातार जीत हासिल कर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को उड़ान दी है। सीएसके पर जीत के साथ पंजाब किंग्स गत चैंपियन सीएसके पर लगातार पांच जीत दर्ज करने वाली मुंबई इंडियंस के बाद दूसरी टीम बनी और अब वह इसका फायदा उठाना चाहेगी। पंजाब किंग्स हालांकि अप्रत्याशित टीम है जिसने अहमदाबाद में गुजरात पर, चेपॉक में चेन्नई पर जीत हासिल की तथा केकेआर के खिलाफ टी20 में रिकॉर्ड स्कोर का पीछा किया। हालांकि घरेलू सरजमीं पर राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के खिलाफ जूझती नजर आई। केकेआर के खिलाफ शतक जड़ने वाले जॉनी बेयरस्टो टीम के लिए अहम होंगे जबकि रिली रोसोयू, शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। टीम के गेंदबाजी विभाग में अनुभवी नाम जैसे कागिसो रबादा, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह और सैम करन शामिल हैं जिन्हें निरंतर गेंदबाजी करनी होगी।
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है...
पंजाब किंग्सः जॉनी बेयरस्टो, सैम करन (कप्तान), रिली रोसोयू, शशांक सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, कैगिसो रबादा, राहुल चाहर, अर्शदीप सिंह
चेन्नई सुपर किंग्सः अजिंक्य रहाणे, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेरिल मिचेल, मोइन अली, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, रिचर्ड ग्लीसन, मथीशा पथिराना।
आइए जानते हैं आईपीएल के 17वें सीजन के 53वें मैच के प्रसारण और ऑनलाइन टेलीकास्ट से जुड़ी सारी जानकारी...
कब है पंजाब और सीएसके के बीच सीजन का 53वां मुकाबला?
पंजाब और सीएसके के बीच आईपीएल 2024 का 53वां मुकाबला पांच मई यानी रविवार को खेला जाएगा।
कहां खेला जाएगा पंजाब और सीएसके के बीच सीजन का 53वां मैच?
पंजाब और सीएसके के बीच लीग का 53वां मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा।
कब शुरू होगा पंजाब और सीएसके के बीच मैच?
पंजाब और सीएसके के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े तीन बजे से खेला जाएगा। टॉस उससे आधे घंटे पहले यानी तीन बजे होगा।
कौन से टीवी चैनल पर प्रसारित होगा मैच?
स्टार स्पोर्ट्स के पास इंडियन प्रीमियर लीग के प्रसारण के अधिकार हैं। अंग्रेजी में लाइव कमेंट्री स्टार स्पोर्ट्स 1 एचडी/एसडी पर और हिंदी कमेंट्री स्टार स्पोर्ट्स हिंदी एचडी/एसडी पर उपलब्ध होगी। स्टार स्पोर्ट्स चैनल हिंदी और अंग्रेजी के अलावा कई अन्य भाषाओं में लाइव कमेंट्री प्रदान करेगा।
फोन या लैपटॉप पर कैसे देख सकते हैं लाइव मैच?
इस मैच की लाइव-स्ट्रीमिंग भारत में जियो सिनेमा (Jio Cinema) एप पर देखी जा सकती है। इसके अलावा आप मैच से जुड़ी खबरें, लाइव अपडेट्स और रिकॉर्ड्स www.amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।
फ्री में कैसे देख सकते हैं लाइव मैच?
जियो सिनेमा में इस मैच का प्रसारण हो रहा है। इस एप में लाइव मैच देखने के लिए आपको किसी तरह का शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है। आप अपने फोन में जियो सिनेमा एप इंस्टॉल करके फ्री में आईपीएल का यह मुकाबला देख सकते हैं।