आईसीसी ने साल 2023 के दिसंबर महीने के लिए 'प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड के विजेताओं का एलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस को महीने का सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर चुना गया। वहीं, महिलाओं में यह पुरस्कार भारत की दीप्ति शर्मा जीतने में सफल हुईं। कमिंस ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी टीम की विजयी टेस्ट सीरीज में शानदार गेंदबाजी की थी। वहीं, दीप्ति शर्मा ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में छाप छोड़ी थी। उन्हें पहली बार 'प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड मिला है।
दिसंबर में पाकिस्तान पर ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट सफलता में कमिंस सबसे आगे थे। उन्होंने कप्तानी और गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन किया। कमिंस की कप्तानी में पिछले साल ऑस्ट्रेलिया ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे विश्व कप जीता था। कमिंस ने पिछले महीने मेलबर्न में खेले गए दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान के खिलाफ खतरनाक गेंदबाजी की थी और 10 विकेट अपने नाम किए थे। दोनों पारियों में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने पांच-पांच विकेट झटके थे। दूसरी पारी में 48 रन पर पांच विकेट लेकर उन्होंने पाकिस्तान को जीत से रोक दिया था। मोहम्मद रिजवान टेस्ट में उनके 250वें शिकार बने थे।
पैट कमिंस
- फोटो : सोशल मीडिया
कमिंस ने क्या कहा?
पैट कमिंस ने कहा, ''यह सभी प्रारूपों में टीम के लिए यह एक शानदार साल रहा है। पाकिस्तान जैसी मुश्किल टीम के खिलाफ एक मजबूत प्रदर्शन के साथ साल की समाप्ति करना खास था। अब हम वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड सीरीज की प्रतीक्षा कर रहे हैं।"
दीप्ति शर्मा
- फोटो : BCCI
ऐसा था दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन
दीप्ति शर्मा ने दिसंबर महीने में तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया। मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच की पहली पारी में उन्होंने 67 रन बनाए थे। इसके बाद ऑफ-स्पिनर ने गेंद से कमाल दिखाया। उन्होंने पहली पारी में पांच और दूसरी पारी में चार महत्वपूर्ण विकेट लिए। मैच में 39 रन देकर नौ विकेट लेने वालीं दीप्ति को प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार मिला था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन को जारी रखा और पहली पारी में 78 रन बनाए थे। गेंदबाजों में दोनों पारियों को मिलाकर उन्होंने दो विकेट झटके थे।