क्या है मामला?
पाकिस्तान की पारी के 13वें ओवर में तबरेज शम्सी की गेंद पर नवाज ने स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर उनके पैर से टकराई। दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी एलबीडब्ल्यू की अपील करने लगे और नवाज रन भागने लगे। अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों ने उन्हें रन आउट भी कर दिया। यह देख नवाज चुप चाप पवेलियन लौट गए, लेकिन इसी वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है। दरअसल, आईसीसी के नियमों के अनुसार नवाज आउट नहीं थे।
क्या हैं आईसीसी के नियम?
आईसीसी के नियम के अनुसार अंपायर के निर्णय देने के बाद हर गेंद डेड हो जाती है और उस पर कोई रन नहीं बन सकता या कोई विकेट भी नहीं गिर सकता। नवाज के मामले में भी ऐसा ही हुआ। दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों ने उनके खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील की और अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया। गेंद यहीं पर डेड हो चुकी थी। इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों ने नवाज को रन आउट कर दिया, लेकिन नियमों के अनुसार नवाज रन आउट नहीं हो सकते थे।
T20 WC: पाकिस्तान की जीत से रोचक हुए सेमीफाइनल के समीकरण, अब बारिश हुई तो दक्षिण अफ्रीका को होगी मुश्किल
ऐसे में यदि नवाज रिव्यू लेते तो गेंद उनके बल्ले पर लगी थी और वह एलबीडब्ल्यू आउट नहीं होते। वहीं, नियमों के अनुसार गेंद डेड होने के बाद उन्हें रन आउट नहीं किया जा सकता था और वह खेलते रहते। नवाज को आईसीसी के नियम की जानकारी नहीं थी। इसी वजह से वह आउट हो गए और अब सोशल मीडिया पर उनका मजाक बन रहा है।
पाकिस्तान को हो सकता था बड़ा नुकसान
नवाज के आउट होने के बाद शादाब खान क्रीज पर आए और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर 20 गेंद में अर्धशतक लगा दिया। उन्होंने इफ्तिखार के साथ 82 रन की शानदार साझेदारी कर पाकिस्तान का स्कोर 177 रन तक पहुंचा दिया और नवाज का विकेट गिरने से पाकिस्तान को कोई खास नुकसान नहीं हुआ। अगर शादाब भी जल्दी आउट हो जाते और पाकिस्तान बड़ा स्कोर नहीं बना पाता तो यह मैच हारकर पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो सकती थी।