श्रीलंकाई क्रिकेट टीम का सीमित ओवरों की क्रिकेट में बुरा वक्त थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। वनडे सीरीज में 5-0 से हार का सामना करने के बाद गुरुवार को शुरू हुई तीन टी-20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका को 7 विकेट से हार का समना करना पड़ा।
अबुधाबी के जायद क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर ही दिलशान मनुवीरा पवेलियन लौट गए। इसके कुछ देर बाद दूसरे ओपनर धनुष्का मनुवीरा 18 रन बनाकर उस्मान खान की गेंद पर विकेटकीपर सरफराज को कैच दे बैठे। इसके बाद श्रीलंकाई विकेटों के गिरने का सिलसिला अंत तक नहीं रुका और पूरी टीम 18.2 ओवर में 102 रन पर ढेर हो गई।
श्रीलंका के पतन में सबसे रोचक बात ये रही की टीम के 7 खिलाड़ी दो अंक के आंकड़े को भी नहीं छू सके। श्रीलंका की ओर से सबसे ज्यादा रन सदीरा समरविक्रमा और सिकूगे प्रसन्ना ने बनाए दोनों ने 23-23 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से हसन अली ने सबसे अधिक 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा उसमान खान और मोहम्मद हफीज ने 2-2 खिलाड़ियों को अपना शिकार बनाया।
जीत के लिए 103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 10 रन के स्कोर पर फखर जमान विकुम संजय की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। वह केवल 6 रन बना सके। इसके बाद फॉर्म में चल रहे बाबर आजम भी 1 रन बनाकर सचित का शिकार बने। दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने संभलकर बल्लेबाजी की।
अहमद शहजाद और शोएब मलिक ने पारी को संभाला और टीम को 50 रन के पार पहुंचाया। 64 के स्कोर पर अहमद शहजाद 22 रन बनाकर संजय का दूसरा शिकार बने। इसके बाद पाकिस्तान ने कोई विकेट नहीं गंवाया। शोएब मलिक ने 31 गेंद पर 42 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। चौथे विकेट के लिए उनके और मोहम्मद हफीज के बीच नाबाद 39 रन की साझेदारी हुई। मोहम्मद हफीज 25 रन बनाकर नाबाद रहे।