पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सरफराज अहमद ने एशिया कप शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया को चुनौती दे दी है। चिर प्रतिद्वंद्वी टीम के कप्तान सरफराज अहमद ने कहा कि वह टीम इंडिया के खिलाफ टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी। बता दें कि हाल ही में जिम्ब्बावे और ऑस्ट्रेलिया को टी-20 और वन-डे में परास्त करने के बाद पाक टीम का सामना एशिया की दिग्गज टीमों से है।
भारत-पाक के अलावा इस मेगा टूर्नामेंट में श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान जैसी धाकड़ टीमें भी हिस्सा लेंगी। इसके अलावा यूएई, नेपाल, ओमान, हॉन्गकॉन्ग, मलेशिया और सिंगापुर भी टूर्नामेंट में अपनी चुनौती पेश करेगी। सरफराज अहमद ने कहा, 'एशिया कप में टीम इंडिया को चित करने के लिए हमने तैयारी शुरू कर दी है।
चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल के बाद पाकिस्तान का भारत से यह पहला मुकाबला होगा।' टीम इंडिया को फाइनल में हराकर ही पाक ने पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी। बता दें कि पहले एशिया कप में टीम इंडिया को एक के बाद एक लगातार दो मैच खेलने थे, लेकिन बीसीसीआई के विरोध के बाद 19 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मैच 20 सिंतबर को कराया जा सकता है।
दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले एकदिवसीय क्रिकेट मैचों की परिणामों की बात करें तो पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 73 मैचों में मैदान मारा है। वहीं टीम इंडिया सिर्फ 52 मैचों के परिणाम ही अपने पक्ष में करने में सफल हो पाई है। एशिया कप 2018 15 सिंतबर से शुरू होगा।