पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने काउंटी क्लब ससेक्स के साथ करार किया है। 2022 सीजन में अधिकतर समय वो ससेक्स के लिए खेलते नजर आएंगे। रिजवान पाकिस्तान के ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद ससेक्स के साथ जुड़ेंगे। अप्रैल से लेकर जुलाई तक रिजवान अपने क्लब के लिए दोनों चैंपियनशिप और टी-20 क्रिकेट खेलेंगे। मौजूदा समय में रिजवान दुनिया के सबसे बेहतरीन विकेटकीपर में से एक हैं। बल्ले के साथ भी उनका रिकॉर्ड बेहतरीन है। खासकर 2021 में उन्होंने टी-20 में कई रिकॉर्ड बनाए हैं।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रिजवान का औसत 43 से ज्यादा का है। उन्होंने 19 टेस्ट मैच में 42 से ज्यादा के औसत से लगभग एक हजार रन बनाए हैं।
इंग्लैंड में भी शानदार रिकॉर्ड
इंग्लैंड में भी रिजवान का रिकॉर्ड शानदार है। 2020 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के तीन मैचों में उन्होंने लगभग 40 के औसत से रन बनाए थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया था। नासिर हुसैन ने उन्हें इंग्लैंड में खेलने वाले बाहरी विकेटकीपर में सबसे बेहतरीन बताया था। वहीं 54 टी-20 मैच में उन्होंने 50.06 के औसत और 126.6 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। 2021 में रिजवान दुनिया के पहले खिलाड़ी बने, जिन्होंने एक साल में अंतर्राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में एक हजार से ज्यादा रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने टी-20 में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में क्रिस गेल का छह साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा।
टी-20 वर्ल्डकप में भी कमाल
2021 टी-20 वर्ल्डकप में भी रिजवान सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में तीसरे नंबर पर थे। उन्होंने छह पारियों में 281 रन बनाए थे और पाकिस्तान को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया था। बल्लेबाजों की आईसीसी टी-20 रैंकिंग में भी रिजवान चौथे नंबर पर हैं।
ससेक्स के साथ करार करने के बाद रिजवान काफी खुश नजर आए। उन्होंने क्लब के फैंस के लिए खास संदेश भेजते हुए लिखा "ससेक्स परिवार के प्यारे लोगों, मैं 2022 सीजन के लिए ऐतिहासिक ससेक्स क्रिकेट क्लब का हिस्सा बनकर बहुत ही गर्वान्वित और उत्साहित हूं। मैंने इस क्लब के बारे में कई महान चीजें सुनी हुई हैं और यह क्लब हमेशा मेरे दिल के करीब रहा है।"
रिजवान ने आगे लिखा "मुझे दिल से पता है कि हमारी युवा टीम किसी भी विपक्षी को हराने का दम खम रखती है। मेहनत, ईमानदारी, गहरी प्रतिबद्धता और खुद पर यकीन करना ही हमारी मजबूती है। हम जीत सकते हैं, हम जीतेंगे और हम चैंपियन की तरह खेलेंगे। मैं एक बेहतरीन सीजन का इंतजार कर रहा हूं।"