बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम के लिए टी20 विश्व कप की शुरुआत निराशजनक रही है और टीम ने ग्रुप-ए में अपने शुरुआती दोनों मुकाबले गंवाए हैं। पाकिस्तान को पहले अमेरिका के खिलाफ उलटफेर भरी हार का सामना करना पड़ा था और फिर रविवार को भारतीय टीम ने भी रोमांचक मैच में छह रन से उसे हराकर उसकी मुश्किलें बढ़ा दी थी। अब पाकिस्तान की टीम कनाडा के खिलाफ तीसरा मैच खेलने के लिए उतरी है। अगर टीम को सुपर आठ चरण के लिए दौड़ में बने रहना है तो उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
शेष दो मैचों में दर्ज करनी होगी बड़ी जीत
पाकिस्तान का अब सुपर आठ में क्वालीफाई करने का मौका कनाडा और आयरलैंड के खिलाफ बड़ी जीत पर निर्भर करेगा, लेकिन इसके लिए उसे उम्मीद करनी होगी कि अमेरिकी टीम भारत और आयरलैंड के खिलाफ मुकाबलों में बुरी तरह हार जाए। इस हालत में दोनों टीमों के चार-चार अंक होंगे और फैसला बेहतर नेट रन रेट से होगा। पाकिस्तान की टीम इस तरह आंकड़े अपने पक्ष में रहने की बस दुआ ही कर सकती है। अमेरिका का नेट रन रेट दो जीत के बाद +0.626 है और आयरलैंड के खिलाफ जीत उसके लिए काफी होगी। वहीं, पाकिस्तान का नेट रन रेट -0.150 है जो निराशाजनक है जिससे उसे जीत नहीं बल्कि बड़े अंतर से जीत की दरकार होगी। अभी तक दोनों मैच में 2009 की चैंपियन उस तरह की मजबूत नहीं दिखी है जिसके लिए वह कभी मशहूर हुआ करती थी।
बाबर की कप्तानी पर उठ रहे सवाल
टी20 विश्व कप से चंद महीने पहले दोबारा पाकिस्तान टीम की कमान संभालने वाले बाबर आजम के नेतृत्व पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बाबर की कप्तानी पर भी कोई स्पष्टता नहीं दिख रही है और टीम के एक इकाई के रूप में प्रदर्शन करने में भी असफल रही है। अभी तक दोनों मैच में पाकिस्तान ने खेल के किसी भी विभाग में दम नहीं दिखाया और अगर उन्हें थोड़ी उम्मीद बरकरार रखनी है तो मिलकर एकजुट प्रयास करने होंगे। बाबर और शादाब खान की बदौलत पाकिस्तान ने अमेरिका के खिलाफ सात विकेट पर 159 रन का स्कोर बनाया, लेकिन इस लक्ष्य का बचाव नहीं कर पाया और सुपर ओवर में हार गया। वहीं, भारत के खिलाफ 120 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोई भी पाकिस्तानी बल्लेबाज उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका और 59 डॉट गेंद खेलकर सात विकेट पर महज 113 रन ही बना सका।
बल्लेबाजों के प्रदर्शन ने बढ़ाई पाकिस्तान की चिंता
आगे आने वाले मुकाबलों में पाकिस्तान की सबसे बड़ी चिंता उसके बल्लेबाजों का प्रदर्शन है जिसमें फखर जमां, इमाद वसीम, शादाब खान और इफ्तिखार अहमद ने भारत के खिलाफ ढीला शॉट खेलकर अपनी परेशानी बढ़ाई। इस मैच में मोहम्मद रिजवान ने 44 गेंद खेकर 31 रन बनाए, जबकि वसीम ने 15 रन बनाने के लिए 23 गेंद खेलीं। रविवार को पाकिस्तान के लिए अच्छी चीज उसके गेंदबाजों का प्रदर्शन रहा जिसमें नसीम शाह ने 21 रन देकर तीन, जबकि मोहम्मद आमिर ने 23 रन देकर दो विकेट झटके। लेकिन बचे हुए दो मैचों में उसके मुख्य तेज गेंदबाज शाहीन को और अधिक जिम्मेदारी से गेंदबाजी करनी होगी।
कनाडा करेगा उलटफेर की उम्मीद
इस विश्व कप में अब तक कई उलटफेर हो चुके हैं और कनाडा टीम भी पाकिस्तान के खिलाफ कुछ ऐसा ही करने की कोशिश करेगी। कनाडा ग्रुप-ए में दो मैच में एक जीत से तीसरे स्थान पर काबिज है। अमेरिका से सात विकेट की हार के बाद कनाडा ने शानदार वापसी करते हुए अगले मैच में आयरलैंड को 12 रन से मात दी। नवनीत धालीवाल के रूप में कनाडा के पास शीर्ष क्रम का अनुभवी बल्लेबाज मौजूद है। कनाडा ने अमेरिका के खिलाफ 194 रन का स्कोर खड़ा किया था, हालांकि उसे हार मिली थी लेकिन अपने बल्लेबाजों के प्रदर्शन से सकारात्मक होकर खेल सकती है।
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
पाकिस्तान : मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सईम अयूब, बाबर आजम (कप्तान), फखर जमां, उस्मान खान, शादाब खान, इमाद वसीम, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ, मोहम्मद आमिर।
कनाडा : आरोन जॉनसन, नवनीत धालीवाल, परगट सिंह, निकोलस किर्टन, श्रेयस मोव्वा (विकेट कीपर), रविंदरपाल सिंह, साद बिन जफर (कप्तान), डिलन हेलीगर, कलीम सना, जुनैद सिद्दीकी, जेरेमी गॉर्डन।