फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

T20 WC: पाकिस्तान ने आयरलैंड-इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए टीम का एलान किया, क्या यही खिलाड़ी खेलेंगे विश्व कप?

Thu, 02 May 2024 01:53 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कराची

सार

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तानी चयनकर्ताओं ने लेग स्पिनर उसामा मीर को टीम से बाहर कर दिया। वहीं, हारिस रऊफ की टी20 टीम में वापसी हुई है। पाकिस्तान के चयनकर्ताओं की टीम में पूर्व क्रिकेटर्स मोहम्मद यूसुफ, अब्दुल रज्जाक, वहाब रियाज शामिल हैं।
विज्ञापन
पाकिस्तान टीम - फोटो : ICC/PCB
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान ने आगामी टी20 विश्व कप के लिए टीम का एलान नहीं किया है, लेकिन गुरुवार को पीसीबी के चयनकर्ता ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए टीम की घोषणा कर दी है। आईसीसी ने सभी टीमों को अपने संभावित-15 बताने के लिए एक मई की तारीख दी थी। हालांकि, समय बीत जाने के बावजूद पाकिस्तान टीम सामने नहीं आई। ऐसा कहा जा रहा है कि पाकिस्तान ने आईसीसी को टीम भेज दी है, लेकिन उसे सार्वजनिक करने का फैसला नहीं लिया है। इसके उलट पाकिस्तान के चयनकर्ताओं ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम की घोषणा की। ऐसा माना जा रहा है कि यही टीम टी20 विश्व कप में भी खेलती दिखाई पड़ेगी। 25 मई के बाद कोई भी टीम आईसीसी की इजाजत के बिना अपने 15 में बदलाव नहीं कर सकेगी। 
विज्ञापन

हारिस रऊफ की पाकिस्तान टीम में वापसी
आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तानी चयनकर्ताओं ने लेग स्पिनर उसामा मीर को टीम से बाहर कर दिया। वहीं, हारिस रऊफ की टी20 टीम में वापसी हुई है। पाकिस्तान के चयनकर्ताओं की टीम में मोहम्मद यूसुफ, अब्दुल रज्जाक, वहाब रियाज शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की विश्व कप टीम आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बाद तय की जाएगी। पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत 10 मई से होने जा रही है। वहीं, पाकिस्तान की टीम 22 मई से इंग्लैंड के खिलाफ उनके घर में चार मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी।

पाकिस्तान टीम - फोटो : ICC/PCB
मुख्य चयनकर्ता ने क्या कहा?
मुख्य चयनकर्ता वहाब ने कहा, 'मोहम्मद रिजवान, हारिस रऊफ, आजम खान और इरफान खान नियाजी की फिटनेस को लेकर मसले उठे हैं, लेकिन उनकी फिटनेस में काफी सुधार हुआ है और हमें पूरा भरोसा है कि वे आगामी मैचों में खेलेंगे। वहाब ने तेज गेंदबाज हसन अली को आगामी दौरे के लिए वापस बुलाने को भी सही ठहराया और कहा कि वह पहले से ही विचाराधीन थे और मूल रूप से वह हारिस के लिए बैक अप हैं। अगर हारिस रऊफ फिट हैं और आगामी मैचों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो वह हमारी पहली पसंद होंगे। उन्होंने गेंदबाजी शुरू कर दी है, लेकिन अगर वह फिट नहीं होते हैं तो हमारे पास हसन अली हैं। रऊफ पाकिस्तान सुपर लीग के शुरुआती चरण के दौरान अनफिट हो गए थे और फरवरी से नहीं खेले हैं।

रज्जाक और यूसुफ ने कही यह बात
वहीं, रज्जाक ने कहा कि लेग स्पिनर उसामा को टीम से बाहर कर दिया गया है क्योंकि पाकिस्तान के पास पहले से ही शादाब खान और अबरार अहमद हैं। यूसुफ ने जोर देकर कहा कि न्यूजीलैंड की दोयम दर्जे की टीम के खिलाफ टी20 सीरीज में 2-2 की बराबरी खराब नहीं थी। उन्होंने कहा, 'यह सच है कि न्यूजीलैंड को कुछ मुख्य खिलाड़ियों की कमी खल रही थी, लेकिन यह भी पहली बार है कि हमने रोटेशन नीति को पूरी तरह लागू किया और नए खिलाड़ियों को सीरीज में आजमाया।'

पाकिस्तान टीम - फोटो : ICC/PCB
'बल्लेबाजों को खुलकर खेलना होगा'
यूसुफ ने यह भी कहा कि वे खिलाड़ियों को अपने शॉट खुलकर खेलने के लिए प्रेरित कर रहे थे। उन्होंने कहा, 'देखिए जब तक हम विफलता को स्वीकार करने और आगे बढ़ने के लिए तैयार नहीं होंगे, तब तक हमारे बल्लेबाज कभी भी खुलकर शॉट खेलने के लिए तैयार नहीं होंगे।' वहाब ने यह भी कहा कि उन्होंने नए मुख्य कोच गैरी कर्स्टन के साथ बात की थी और वे सभी सहमत थे कि सबसे पहले उन्हें खिलाड़ियों के दिमाग से असुरक्षा और विफलता के डर को दूर करना होगा।

वहाब ने बाबर का समर्थन किया
वहाब ने कहा, 'हमारा लक्ष्य उन्हें ऐसा माहौल देना है जहां वे अपने को मौका दे सकें और निडर होकर खेल सकें।' वहाब ने यह भी कहा कि प्लेइंग-11 का चयन कप्तान का अधिकार होगा और चयनकर्ता इस क्षेत्र में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। चयनकर्ताओं ने कप्तान के तौर पर बाबर आजम की काबिलियत का भी बचाव किया। उन्होंने कहा, 'कोई भी जन्म के बाद से कप्तान नहीं होता, लेकिन हमने न्यूजीलैंड सीरीज में जो देखा उसके हिसाब से बाबर के नेतृत्वक्षमता में सुधार हुआ है और हमें उम्मीद है कि वह बेहतर होगा और उसके पास कप्तानी का अनुभव है। हम उनके साथ बने रहना चाहते हैं।
विज्ञापन

पाकिस्तान चयनकर्ता - फोटो : PCB
पाकिस्तान की टीम: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान, आजम खान, सैम अयूब, फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, इरफान खान नियाजी, अबरार अहमद, हसन अली, हारिस रऊफ, शाहीन शाह अफरीदी, मोहम्मद आमिर, इमाद वसीम, नसीम शाह, शादाब खान, उस्मान खान, अब्बास अफरीदी और आगा अली सलमान।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें